नोएडा

UP Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर सिस्टम, गोंडा से नोएडा तक 20, 21, 22 तीन दिन बारिश के आसार

UP Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के असर से उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। गोंडा, बहराइच, अयोध्या से लेकर नोएडा तक 20, 21 और 22 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
2 min read
Jul 20, 2026
फाइल फोटो पत्रिका
फाइल फोटो पत्रिका

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी से नमी बढ़ने और मौसम तंत्र के मजबूत होने से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती समेत पूर्वी यूपी के जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र अब कमजोर पड़ रहा है। लेकिन इसके कारण प्रदेश में नमी की मात्रा बढ़ गई है। यही वजह है कि बारिश कराने वाली मानसूनी पट्टी फिर से सक्रिय होकर अपने सामान्य स्थान के करीब पहुंच गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय मानसूनी द्रोणी उत्तर भारत के कई हिस्सों से गुजरते हुए पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर तेज बारिश होने की संभावना बनी हुई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, अयोध्या और आसपास के क्षेत्रों में बीते 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।

अगले तीन दिनों तक बहुत भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज होने का अनुमान जताया है। विभाग की ओर से कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 22 जुलाई तक कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके बाद भी कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जिसके लिए येलो वार्निंग जारी की गई है।

तीन दिन मूसलाधार बारिश के बाद आसमान में छाए रह सकते बादल

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड और बिहार के आसपास सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण भी उत्तर प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके चलते अगले चार से पांच दिनों तक प्रदेश में बादल छाए रह सकते हैं और कई जगह तेज बारिश देखने को मिल सकती है। प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं किसानों के लिए यह बारिश खरीफ फसलों के लिहाज से फायदेमंद मानी जा रही है। हालांकि लगातार बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति भी पैदा हो सकती है, इसलिए लोगों से मौसम विभाग की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है।

इन जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

महराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर व आस पास के क्षेत्र जिलों में है अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

जबकि गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, गोंडा, हरदोई, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, गौतम बुद्ध नगर, नोएडा, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बदायूं, ललितपुर व आस पास के क्षेत्र इन जिलों में है भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी हुआ है।

Updated on:
20 Jul 2026 01:22 pm
Published on:
20 Jul 2026 11:13 am