युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने जेवर कोतवाली में की तोड़फोड़, कई थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा
नोएडा. शराब की तस्करी करने वाले दो युवकों को पुलिस हिरासत जेवर कोतवाली ले जाने के दौरान पुलिस की चलती जीप से कूदे युवक की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर जहांगीरपुर चौकी पर मृतक युवक के परिजन व ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने चौकी पर कुछ पुलिसकर्मियों की पिटाई कर दी। पिटाई से एक हेड कांस्टेबल घायल हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद चौकी पर विभिन्न कोतवाली की फोर्स के साथ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। वहीं मृतक युवक के परिजन व ग्रामीण पुलिस पर युवक पिटाई करने व जीप से धक्का देने का आरोप लगा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध शराब लेकर जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने जहांगीरपुर में दबिश दी। दबिश के बाद पुलिस ने दो युवक बॉबी व कुलदीप को हिरासत में लिया था। दोनों के पास से अवैध शराब के लगभग सौ पव्वे बरामद हुए थे। दोनों को लेकर पुलिस जीप से जेवर थाने पर आ रही थी। इसी दौरान जेवर-खुर्जा मार्ग पर बॉबी ने जीप से भागने का प्रयास किया और कूद गया और तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिसकर्मी उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां जांच के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक के परिजन व ग्रामीण पुलिस पर युवक पिटाई करने व जीप से धक्का देने का आरोप लगा रहे हैं।
बॉबी के मौत की सूचना के बाद गांव वाले बड़ी संख्या में जहांगीरपुर चौकी पर इक्कठा हो गए और चौकी पर तोड़फोड़ व पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिसकर्मी ने भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन लोगों की पिटाई से हेड कांस्टेबल जगमेहर को काफी चोट आई। भीड़ ने वाहनों व आसपास की दुकानों पर भी पथराव किया। कुछ ही देर में चौकी पर जहांगीरपुर, जेवर, दनकौर सहित विभिन्न कोतवाली की पुलिस पहुंच गई। और स्थित पर काबू पाया।