
Ankush Panghal, Commonwealth Games 2026: ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत के 22 वर्षीय बॉक्सर अंकुश पंघल ने 80 किग्रा वर्ग के सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में कनाडा के जोशुआ ओफोरी को 5-0 से हराया है। इसी के साथ उन्होंने सिल्वर मेडल सुनिश्चित करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। इससे पहले दिन की शुरुआत में प्रीति पवार ने महिलाओं के 54 किलो भारवर्ग में जांबिया की कैथरीन एम्वापे को 5-0 के अंतर से पटखनी देकर फाइनल में एंट्री की थी।
कनाडाई खिलाड़ी को क्वार्टर फाइनल में बाई मिला था। वहीं अंकुश को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए दो मुकाबलों में जीत दर्ज करनी पड़ी। पहले राउंड में अंकुश ने 5-0 से जीत हासिल की। दूसरे राउंड में भी उन्होंने शानदार खेल जारी रखा और 5-0 की बढ़त बनाए रखी। अंत में एकतरफा अंदाज में कनाडा के मुक्केबाज को हराकर उन्होंने फाइनल में एंट्री कर ली।
भारत के लिए बॉक्सिंग में अभी तक 10 मेडल पक्के हो चुके हैं। अंकुश और प्रीति फाइनल में पहुंचने के साथ ही कम से कम दो सिल्वर मेडल सुनिश्चित कर चुके हैं। इसके अलावा 8 और भारतीय बॉक्सर सेमीफाइनल में उतरेंगे। सेमीफाइनल में हारने पर भी उन्हें ब्रॉन्ज मेडल मिल जाएगा, क्योंकि मुक्केबाजी में सेमीफाइनल में हारने वाले दोनों खिलाड़ियों को कांस्य पदक दिया जाता है।
इससे पहले भिवानी की एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता 22 वर्षीय प्रीति पवार ने 54 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। मुकाबले के दौरान शुरू से अंत तक प्रीति ने दबदबा बनाए रखा। उन्होंने बांयी ओर से सटीक पंच और प्रभावी जवाबी हमले के दम पर म्वापे को लगातार दबाव में रखा। फाइनल में प्रीति के सामने स्कारलेट डेलगाडो की चुनौती होगी। कनाडा की इस मुक्केबाज ने एक अन्य सेमीफाइनल में इंग्लैंड की लॉरेन मैकी को 4-1 से हराया।