अन्य खेल

Asian Games 2018: हुआ रंगारंग आगाज, मोटरसाइकिल से स्टेडियम पहुंचे राष्ट्रपति

इंडोनेशिया के जर्काता में 18वें एशियन गेम्स का रंगारंग आगाज हुआ। खास बात यह रही कि इस खेल आयोजन के उद्घाटन समारोह में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति मोटरसाइकिल से पहुंचे।
2 min read
• •
Updated: 18 Aug 2018, 8:18 PM IST
asian games
Asian Games 2018: हुआ रंगारंग आगाज, मोटरसाइकिल से स्टेडियम पहुंचे राष्ट्रपति

नई दिल्ली। 18वें एशियन गेम्स का इंडोनेशिया में रंगारंग आगाज हो गया है। इसमें 45 देशों के 10 हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इंडोनेशिया के जकार्ता और पालेमबंग शहरों में आयोजित हो रहे 18वें एशियाई खेलों की मशाल को पिछले महीने नयी दिल्ली के ऐतिहासिक मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से रवाना किया गया था। दिल्ली में ही 1951 में पहले एशियाई खेलों का आयोजन हुआ था। यह दूसरा मौका है जब इंडोनेशिया में एशियाई खेल आयोजित हो रहे हैं। इंडोनेशिया ने 1962 में जकार्ता में ही पहली बार एशियाई खेलों का आयोजन किया था।

नीरज चोपड़ा के थामा तिरंगा-
उद्घाटन समारोह में भारतीय एथलीट दल का नेतृत्व नीरज चोपड़ा ने किया। हरियाणा के 20 साल के दिग्गज एथलीट नीरज तिरंगा लिये सबसे आगे चल रहे थे। उनके पीछे भारतीय खिलाड़ियों के हाथों में तिरंगे थे और भारतीय दल के निकलने के समय भारत का राष्ट्रगान जन गण मन स्टेडियम में गूंज रहा था। भारतीय खिलाड़ियों ने दर्शकों की तरफ हाथ हिलाते हुये अभिवादन किया। जब भारतीय दल गुजरा तो उस समय पूर्व आईओए प्रशासक रणधीर सिंह ने तालियां बजाते हुये खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाया। भारतीय महिला खिलाड़ी ब्लेजर और ट्राउजर में उद्घाटन समारोह में शामिल हुयीं।

भारत के 572 एथलीट पेश कर रहे है दावा-
इस दल में 79 साल की रीता चोक्सी एशियाई खेलों में पहली बार शामिल किये गये ब्रिज खेल में देश की सबसे उम्रदराज पदक दावेदार के रूप में उतर रही हैं। भारत ने इन खेलों में 572 एथलीटों सहित कुल 804 सदस्यीय दल उतारा है जो 36 खेलों में भाग लेगा। एशियाई खेलों में दुनिया के 45 देशों से 10,000 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं जो कुल 58 खेलों में चुनौती पेश करेंगे।

मोटरसाइकिल से पहुंचे विडोडो-
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो के मोटर साइकिल पर गेलोरा बुंग कार्नो स्टेडियम पहुंचने और इंडोनेशिया की सांस्कृतिक झलक के बीच 18वें एशियाई खेलों का 18 अगस्त को रंगारंग आगाज हो गया। उद्घाटन समारोह की सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति मोटर साइकिल चलाते हुये शहर की सड़कों से गुजरे और फिर स्टेडियम पहुंचे। एशियाई खेलों के इतिहास में यह पहला मौका था जब किसी मेजबान देश के राष्ट्रपति मोटर साइकिल से स्टेडियम पहुंचे।

Published on: