अन्य खेल

Asian Games 2026: भारत की झोली में एक और मेडल, मिक्स्ड 4×400 मीटर रिले में जीता सिल्वर

Asian Games India Athletics: एशियाई खेलों में भारत ने मिश्रित 4x400 मीटर रिले में रजत पदक जीता। विथ्या रामराज की शानदार दौड़ से भारत दूसरे स्थान पर पहुंचा। सीमा कुमारी ने 10,000 मीटर में कांस्य पदक हासिल किया।
2 min read
Sep 24, 2026
Asian Games 2026 Latest
भारतीय एथलीट (ANI)

Asian Games 2026 Mixed 4x400m Relay: एशियाई खेलों में भारतीय एथलेटिक्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। भारतीय टीम ने फाइनल में 3 मिनट 14.46 सेकंड का समय दर्ज किया। भारत की ओर से विशाल टीके ने दौड़ की शुरुआत की। इसके बाद पूवम्मा एमआर ने दूसरे चरण में टीम की कमान संभाली। तीसरे चरण में मनु टीएस ने अपनी गति बनाए रखते हुए भारत को पदक की दौड़ में बरकरार रखा। अंतिम चरण में वित्या रामराज ने शानदार एंकर लेग दौड़ते हुए भारत को तीसरे स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया।

बहरीन ने 3 मिनट 12.87 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। वहीं, भारत ने 3 मिनट 14.46 सेकंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि 3 मिनट 14.54 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम रिपब्लिक ऑफ कोरिया ने कांस्य पदक जीता।

एशियाई खेलों में लगातार तीसरी बार पदक

मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले स्पर्धा में भारत का शानदार रिकॉर्ड रहा है। भारत ने एशियाई खेलों के 2018 संस्करण में गोल्ड और 2023 में सिल्वर मेडल जीता था। इस तरह, एशियाई खेलों में इस स्पर्धा में भारत ने लगातार तीसरी बार पदक हासिल किया है।

सीमा कुमारी ने जीता ब्रॉन्ज

भारत की सीमा कुमारी ने महिला 10,000 मीटर स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। उन्होंने 32:50.05 के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। एशियाई खेलों में 16 साल बाद भारत ने महिला 10,000 मीटर स्पर्धा में पदक जीता है।

भारत की लंबी दूरी की धाविका ने शानदार शुरुआत करते हुए अंत तक पदक की दौड़ में खुद को बनाए रखा। सीमा कुमारी ने शुरुआती 2,000 मीटर में बढ़त बनाए रखी। उन्होंने पहले 1,000 मीटर की दूरी 3:18.12 मिनट में पूरी की, जबकि 2,000 मीटर की दूरी 6:36.13 मिनट में तय की।

हालांकि, जैसे-जैसे गति बढ़ी, सीमा चौथे स्थान पर खिसक गईं, लेकिन वह अग्रणी धाविकाओं के काफी करीब बनी रहीं। 1,000 मीटर शेष रहते ही वह तीसरे स्थान पर पहुंच गईं और अंतिम चरण तक अपनी स्थिति बनाए रखते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।

सीमा कुमारी गोल्ड मेडल विजेता यावी से 10.87 सेकंड पीछे रहीं। वहीं, कजाकिस्तान की डेज़ी जेपकेमेई 33:03.21 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहीं, जो भारतीय खिलाड़ी से 13 सेकंड से अधिक पीछे थीं।

Updated on:
24 Sept 2026 07:58 pm
Published on:
24 Sept 2026 07:29 pm