अन्य खेल

Asian Games 2026: ग्रीको-रोमन कुश्ती में सुनील कुमार ने जीता ब्रॉन्ज, फिलिपींस के कैलम जॉस्टन रॉबर्ट्स को 9-0 हराया

Sunil Kumar beats Callum Roberts: सुनील कुमार ने फिलीपींस के कैलम जॉस्टन रॉबर्ट्स को 9-0 से हराया और लगातार एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। इस तरह सुनील कुमार एशियन गेम्स में ग्रीको-रोमन कुश्ती में दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय पहलवान बन गए हैं।
2 min read
• •
Updated: 30 Sep 2026, 6:56 PM IST
India Sunil Kumar beats Callum Roberts to win bronze medal.
भारतीय पहलवान सुनील कुमार । (Photo - X/@TheKhelIndia)

Sunil Kumar: भारत के सुनील कुमार ने एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की ग्रीको-रोमन कुश्ती के 87 किग्रा वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। बुधवार को खेले गए ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में सुनील कुमार ने फिलीपींस के कैलम जॉनस्टन रॉबर्ट्स को 9-0 से शिकस्त दी। नागोया सिटी के इनाए स्पोर्ट्स सेंटर में हुए इस मुकाबले में सुनील कुमार ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर जीत दर्ज की।

इस मेडल के साथ 27 वर्षीय सुनील कुमार ने एक खास उपलब्धि हासिल की है। वह एशियन गेम्स के ग्रीको-रोमन कुश्ती इतिहास में दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय पहलवान बन गए हैं। इससे पहले उन्होंने एशियन गेम्स 2023 में भी 87 किग्रा वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

सुनील ने बनाए रखा दबदबा

सुनील ने नागोया सिटी इनाए स्पोर्ट्स सेंटर में खेले गए ग्रीको-रोमन कुश्ती के ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी रॉबर्ट्स को एकतरफा अंदाज में मात दी। भारतीय पहलवान ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। पहले ही मिनटों में मुकाबले की दिशा अपने पक्ष में कर ली। शुरुआती दौर में सुनील ने लगातार दो सफल दांव लगाकर चार अंक बटोरे। इसके बाद रॉबर्ट्स की निष्क्रियता के चलते भारतीय खिलाड़ी को एक और अंक मिला और महज 90 सेकंड के भीतर स्कोर 5-0 हो गया।

सुनील कुमार यहीं नहीं रुके। उन्होंने प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाए रखा और एक और पैसिविटी पेनल्टी का फायदा उठाते हुए टेकडाउन से दो अतिरिक्त अंक हासिल कर लिए। इससे उनकी बढ़त 7-0 हो गई। लगातार हो रहे हमलों के सामने रॉबर्ट्स के पास सुनील की रणनीति का कोई प्रभावी जवाब नजर नहीं आया।

मुकाबले के आगे बढ़ने के साथ ही सुनील ने एक और सफल स्कोरिंग मूव अंजाम दिया। इसके साथ उनका स्कोर 9-0 हो गया। तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर मुकाबला भारतीय पहलवान के नाम कर दिया गया। इस तरह सुनील ने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाते हुए प्रतियोगिता का शानदार समापन किया।

एशियन चैंपियनशिप में भी जीत चुके हैं छह पदक

यह पदक सुनील के अंतरराष्ट्रीय करियर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनके नाम पहले ही एशियन चैंपियनशिप के छह पदक दर्ज हैं। अब एशियन गेम्स में एक से अधिक ग्रीको-रोमन कुश्ती पदक जीतने वाले वह पहले भारतीय पहलवान बन गए हैं। ब्रॉन्ज मेडल की इस जीत के साथ सुनील ने एशियन गेम्स के ग्रीको-रोमन कुश्ती वर्ग में भारत की पदक परंपरा को आगे बढ़ाया और महाद्वीपीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान को और पुख्ता किया।