अन्य खेल

बैडमिंटन: सायना नेहवाल और श्रीकांत को झटका, रद्द हुआ सिंगापुर ओपन टूर्नामेंट

विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने कोरोना महामारी के कारण सिंगापुर ओपन को रद्द करने की घोषणा की, जिससे भारत के किदांबी श्रीकांत और सायना नेहवाल की ओलंपिक में क्वालीफाई करने की उम्मीदों को झटका लगा है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 12 May 2021, 7:49 PM IST
saina nehwal
saina nehwal

कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने पूरे देश को बुरी तरह से प्रभावित कर रखा है। हर क्षेत्र इससे प्रभावित हो रहा है। खेल जगत की कई दिग्गज हस्तियों का कोरोना की वजह से निधन हो गया। वहीं अलग-अलग खेलों के टूर्नामेंट पर भी इसका असर पड़ रहा है। कई टूर्नामेंट रद्द हो रहे हैं। अब विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने कोरोना महामारी के कारण सिंगापुर ओपन को रद्द करने की घोषणा की, जिससे भारत के किदांबी श्रीकांत और सायना नेहवाल की ओलंपिक में क्वालीफाई करने की उम्मीदों को झटका लगा है।

1 से 6 जून तक होना था टूर्नामेंट
बता दें कि इस टूर्नामेंट को एक से छह जून तक तक होना था और यह ओलंपिक क्वालीफिकेशन का टूर्नामेंट था। बीडब्ल्यूएफ ने बताया कि क्वालीफिकेशन की प्रक्रिया को लेकर विस्तृत बयान बाद में जारी किया जाएगा। भारत की ओर से पीवी सिंद्धू (महिला एकल), बी साई प्रणीत (पुरुष एकल) और सात्विकसाईराज रेंकीरेड्डी तथा चिराग शेट्टी (पुरुष युगल) वर्ग में टोक्यो के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं।

सायना और श्रीकांत नहीं कर सके थे क्वालीफाई
हालांकि, 2012 लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता सायना और पूर्व नंबर-1 श्रीकांत क्वालीफाई नहीं कर सके थे। बीडब्ल्यूएफ ने कहा, सिंगापुर ओपन सुपर 500 इवेंट था जो टोक्यो ओलंपिक में क्वालीफाई करने का आखिरी मौका था। बीडब्ल्यूएफ क्वालीफाइंग को लेकर बाद में बयान जारी करेगा। बयान में कहा, टूर्नामेंट आयोजक सिंगापुर बैडमिंटन संघ और बीडब्ल्यूएफ संयुक्त रूप से सिंगापुर ओपन 2021 को रद्द करने पर सहमत हुए। बीडब्ल्यूएफ ने बताया कि दुनियाभर में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए टूर्नामेंट को रद्द करने का फैसला किया गया।

Published on: