शनिवार का दिन भारत के लिए सुनहरी सफलता देने वाला साबित हुआ। राष्ट्रमंडल खेल में आज भारत के खाते में सात स्वर्ण पदक आए।
नई दिल्ली। आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में जारी 21वें राष्ट्रमडंल खेल में शनिवार का दिन भारत के लिए स्वर्णिम कामयाबी देने वाला रहा। भारतीय एथलीटों ने आज एक के बाद एक सात स्वर्ण पदकों पर कब्जा जमाया। आज की इस कामयाबी के बाद भारत पदक तालिका में अपने तीसरे स्थान को और मजबूत कर चुका है। भारत के खाते में 25 स्वर्ण, 14 रजत और 18 कांस्य पदकों के साथ आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को बाद तीसरे स्थान पर है। आज भारत के लिए टेबल टेनिस, कुश्ती, जेवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। खबर लिखे से थोड़ी देर पहले ही टेबल टेनिस डब्लस में भारत के खाते में एक और कांस्य जबकि बॉक्सिंग में एक और स्वर्ण आया।
विकास ने किया गोल्ड पर कब्जा -
मुक्केबाजी में भारत के लिए विकास कृष्ण यादव ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाते हुए आज के दिन का आठवां गोल्ड भारतीय झोली में डाला। विकास ने 75 किलोग्राम भारवर्ग कैमरून के वेल्फ्रेड सेई को 5-0 से हराया। विकास ने से पहले आज बॉक्सिंग में भारत को दो और स्वर्ण पदक मिल चुके है। इससे पहले एमसी मेरी कॉम और गौरव सोलंकी ने स्वर्ण जीता था।
दंगल गर्ल विनेश ने सोना पर जमाया कब्जा -
शनिवार को विनेश फोगाट ने कुश्ती में गोल्ड मेडल जीता। महिला फ्रीस्टाइल 50 किलो वर्ग में विनेश ने कनाडा की जेसिका मैकडोनल्ड को 13-3 से धूल चटाई। कुश्ती में यह कुल पांचवां गोल्ड मेडल है। इसके साथ ही पुरुषों की फ्री स्टाइल स्पर्धा के 86 किलोग्राम भारवर्ग में सोमवीर ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। उन्होंने कांस्य पदक के मैच में कनाडा के एलेक्जेंडर मूरे को 7-3 से मात दी।
टेबल टेनिस में मनिका बत्रा की सुनहरी सफलता -
टेबल टेनिस मिक्स टीम में भारत को पदक दिला चुकी मनिका बत्रा ने शनिवार को गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। फाइनल में उन्होंने सिंगापुर की मैंगयु यु को एकतरफा मुकाबले में 11-7, 11-6, 11-2, 11-7 से हराया। यह भारत का 24वां स्वर्ण पदक था।
भालाफेंक में नीरज चोपड़ा की कामयाबी -
जेवलिन थ्रो (भालाफेंक) में भारत को सुनहरी सफलता मिली। नीरज चोपड़ा राष्ट्रमंडल खेलों की भालाफेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए, जिन्होंने फाइनल में सीजन का सर्वश्रेष्ठ 86.47 मीटर का थ्रो फेंका।
सुमित मलिक ने भी जाती स्वर्ण-
कुश्ती में स्टार भारतीय महिला पहलवान साक्षी मलिक ने अपने प्रशंसकों को निराश किया। साक्षी से लोगों की उम्मीदें स्वर्ण पदक की थी। लेकिन वो फाइनल में पहु्चंने में नाकाम रही थी। साक्षी ने 62 किलो भारवर्ग में कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। हालांकि कुश्ती से सुमित मलिक ने भारत को स्वर्ण पदक दिलाया।