
Abhay Singh: भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी अभय सिंह को पुरुष एकल के फाइनल में मलेशिया के मौजूदा चैंपियन एनजी ईन यो के खिलाफ 0-3 से हार मिली। मुकाबले का स्कोर 9-11, 5-11, 5-11 रहा। हार के बावजूद अभय ने सिल्वर मेडल अपने नाम कर एक खास उपलब्धि दर्ज की। वह पुरुष एकल में सिल्वर मेडल जीतने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले यह मुकाम सौरव घोषाल ने हासिल किया था।
28 वर्षीय अभय के लिए यह पदक इसलिए भी खास है, क्योंकि यह एकल वर्ग में उनका पहला मेडल है। इससे पहले वह हांगझोउ एशियन गेम्स 2023 में मिश्रित युगल स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुके हैं।
एशियन गेम्स के पुरुष एकल स्क्वैश फाइनल में हार के साथ अभय सिंह लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफिकेशन से चूक गए। LA28 में स्क्वैश पहली बार ओलंपिक कार्यक्रम का हिस्सा होगा।
अभय सिंह और एनजी ईन यो के बीच 44 मिनट तक रोमांचक मुकाबला चला। भारत के अभय ने शुरुआती दौर में 2-1 की बढ़त बनाई, लेकिन मलेशियाई खिलाड़ी ने लगातार चार अंक जुटाकर 6-3 से बढ़त अपने नाम कर ली। अभय ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 8-8 से बराबर किया। इसके बाद एनजी ईन यो ने ने 10-8 पर दो गेम प्वाइंट हासिल किए और एक गेम प्वाइंट गंवाने के बावजूद 11-9 से पहला गेम जीत लिया।
दूसरे गेम में अभय ने 2-2 से मुकाबले की अच्छी शुरुआत की, लेकिन उनकी कुछ गलतियों का फायदा उठाते हुए मलेशियाई खिलाड़ी ने 7-3 की बढ़त बना ली। मलेशियाई खिलाड़ी ने इसके बाद लगातार दबाव बनाए रखा। 10-5 पर पांच गेम प्वाइंट हासिल करने के बाद दूसरा गेम भी अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ मलेशियाई खिलाड़ी ने मुकाबले में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली।
तीसरे गेम में अभय ने आक्रामक अंदाज में शुरुआत की। बैकहैंड स्लाइस और क्रॉसकोर्ट किल के बेहतरीन तालमेल से उन्होंने 4-2 की बढ़त बना ली। हालांकि, मलेशियाई खिलाड़ी ने धैर्य नहीं खोया और लगातार अंक हासिल करते हुए स्कोर 4-4 कर दिया। इसके बाद उन्होंने तीन लगातार अंक जुटाकर 7-5 की बढ़त हासिल कर ली।
एनजी ईन यो यहीं नहीं रुके और अगले दो अंक भी अपने नाम करते हुए स्कोर 9-5 कर दिया। 10-5 पर उन्हें पांच मैच प्वाइंट मिले। निर्णायक रैली में अभय का स्लाइस शॉट टिन से टकरा गया और इसके साथ ही एइन ने फाइनल अपने नाम कर लिया।
इस जीत के साथ एनजी ईन यो ने एशियाई खेलों में पुरुष एकल का अपना खिताब सफलतापूर्वक बरकरार रखा। इसके अलावा, उन्होंने अइची-नागोया एशियाई खेलों में बिना एक भी गेम गंवाए लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाले पहले स्क्वैश खिलाड़ी बनने की उपलब्धि भी हासिल की।