अन्य खेल

Asian Games 2026: भारत की पिंकी बलहारा हारीं, कुराश में ब्रॉन्ज मेडल से करना पड़ा संतोष

पिंकी बलहारा ने एशियन गेम्स 2026 के कुराश में ब्रॉन्ज मेडल जीता। महिलाओं के 78 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की सुमिन मो से 0-5 से हार के बाद उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीता।
2 min read
• •
Sep 28, 2026
Asian Games medal in Kurash.
भारत की पिंकी बलहारा ने कुराश में ब्रॉन्ज मेडल जीता। (File Photo- SAI Media)

India’s Pincky Balhara clinched bronze: एशियन गेम्स 2026 में भारत की झोली में एक और पदक आया। दरअसल, महिलाओं के 78 किग्रा से अधिक वर्ग के कुराश के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत की पिंकी बलहारा को हार का सामना करना पड़ा, जिसके कारण उन्हें ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा। उन्हें दक्षिण कोरिया की सुमिन मो ने 0-5 से हराया। इससे पहले पिंकी बलहारा ने क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की एक अन्य खिलाड़ी लिम गारम को 3-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।

बता दें कि पिंकी बलहारा ने एशियन गेम्स 2018 में सिल्वर मेडल जीता था। उन्हें एशियन गेम्स 2023 के क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था, जिसके चलते वह पदक नहीं जीत सकी थीं। हालांकि, मौजूदा एशियन गेम्स संस्करण में उन्होंने पिछली असफलताओं को पीछे छोड़ते हुए मेडल अपने नाम किया है।

शुरू से ही दबाव में थीं पिंकी बलहारा

पिंकी बलहारा सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की सुमिन के सामने शुरुआत से ही दबाव में थीं। उन्हें दो बार चेतावनी भी दी गई, जिसे कुराश में 'डक्की' कहा जाता है। दूसरी ओर, सुमिन ने पहले हाफ में एक अंक हासिल किया। इसके बाद चाला और योनबोश के जरिए अंक जुटाए। अंततः उन्होंने 5-0 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

पिंकी जूडो में हिस्सा लेती थीं और 2018 एशियाई जूनियर जूडो चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल भी जीत चुकी हैं। हालांकि, इस बार वह भारतीय जूडो टीम में जगह नहीं बना सकीं। बाद में उन्होंने कुराश में क्वालीफाई किया और एक बार फिर एशियन गेम्स 2026 में पदक अपने नाम किया।

एशियन गेम्स 2026: कुराश में पहला मेडल

कुराश में यह मौजूदा एशियन गेम्स में भारत का पहला मेडल है। इससे पहले रविवार को भारतीय खिलाड़ियों को इस स्पर्धा में जीत नहीं मिली थी। पुरुषों के 90 किग्रा से अधिक वर्ग में विशाल को क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड के कुनाथिप येआ-ऑन ने 5-0 से हराया था।

महिलाओं के 57 किग्रा वर्ग में संगीता बलहारा को राउंड ऑफ 32 में फिलीपींस की चार्मिया क्वेलिनो के खिलाफ 0-10 से हार मिली। इसी वर्ग के राउंड ऑफ 16 में भारती को ईरान की ताहेरेह अजारपेइवंद ने शिकस्त दी। वहीं, पुरुषों के 90 किग्रा से अधिक वर्ग के राउंड ऑफ 16 में यश कुमार चौहान को ताजिकिस्तान के शकरमामद मिर्मामदोव ने 10-0 से हराया।

Updated on:
28 Sept 2026 12:30 pm
Published on:
28 Sept 2026 11:18 am