27 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Asian Games 2026: भारत को एक और पदक, हरिता भद्रा ने महिला 200 मीटर में जीता ब्रॉन्ज मेडल

Harita Bhadra wins bronze in Asian Games 2026: भारत की हरिता भद्रा ने महिला 200 मीटर फाइनल में 23.20 सेकेंड के समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। शांति परेरा ने गोल्ड और चेन युजी ने सिल्वर मेडल हासिल किया।
2 min read
Google source verification
Harita Bhadra asian games 2026

भारतीय महिला एथलीट हरिता भद्रा। (Photo Credit - X/@afiindia)

Harita Bhadra: भारत की हरिता भद्रा ने रविवार को एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल जीता। महाराष्ट्र की 23 वर्षीय धाविका हरिता ने 23.20 सेकंड का समय निकाला और तीसरे स्थान पर रहीं। उन्होंने बेहद रोमांचक अंदाज में फिनिश लाइन पर डाइव लगाई और चौथे स्थान पर रहने वाली एथलीट को महज 0.01 सेकंड के अंतर से पीछे छोड़ दिया।

आइची-नागोया में 100 मीटर दौड़ में सिल्वर जीतने वाली सिंगापुर की शांति परेरा ने 22.78 सेकंड के सीजन के सर्वश्रेष्ठ समय के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं, चीन की चेन युजी ने 22.93 सेकंड के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता।

फाइनल में भारत की कर्नाटक की धाविका उन्नति अयप्पा बोलैंड 23.46 सेकंड के समय के साथ छठे स्थान पर रहीं। रेस पूरी होने के बाद उन्नति अयप्पा बोलैंड ने हरिता को बधाई दी। इतना ही नहीं, पोडियम पर जगह पक्की करने के बाद उन्होंने हरिता को गले भी लगाया।

200 मीटर में मेडल जीतने वाली छठी भारतीय महिला बनीं हरिता

हरिता भद्रा एशियन गेम्स में महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में मेडल जीतने वाली छठी भारतीय महिला बन गई हैं। उनसे पहले रोशन मिस्त्री, क्रिस्टीन ब्राउन, पी.टी. उषा, रचिता मिस्त्री और दुती चंद यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। दुती चंद ने 2018 एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

पुरुषों में अनीमेष कुजूर 5वें स्थान पर रहे

पुरुषों की 200 मीटर फाइनल में अलग परिणाम देखने को मिला। भारत के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी अनीमेष कुजूर ने 20.80 सेकंड का समय निकालकर पांचवां स्थान हासिल किया। अनिमेष कुजूर हीट में शानदार प्रदर्शन के बाद फाइनल में पहुंचे थे, लेकिन पदक की चुनौती के लिए आवश्यक गति बरकरार नहीं रख सके।

वहीं, थाईलैंड के पुरीपोल बूनसन ने 19.88 सेकंड के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता और एशियाई रिकॉर्ड की बराबरी की। थाईलैंड के पुरीपोल बूनसन ने 200 मीटर के अलावा 100 मीटर में भी जीत हासिल की।

बॉक्सिंग में नरेंद्र बेरवाल ने पदक किया पक्का

भारतीय बॉक्सर नरेंद्र बेरवाल ने एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों के 90+ किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उनके प्रतिद्वंद्वी थाईलैंड के अदथापोंग सैंगटेप ने RSC (रेफरी द्वारा मुकाबला रोके जाने) के कारण मुकाबला छोड़ दिया। वहीं, सचिन सिवाच 60 किग्रा वर्ग में शुनसुके कितामोतो से हार गए।