27 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Asian Games 2026, Women’s hockey: भारतीय महिला हॉकी टीम की लगातार 5वीं जीत, सिंगापुर को 7-0 से हराया

भारतीय महिला हॉकी टीम ने सिंगापुर को 7-0 से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और पूल-बी में शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत अब सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया से भिड़ेगा।
2 min read
Google source verification
Indian Women’s hockey Team

भारतीय महिला हॉकी टीम (Photo- Hockey India)

Indian Women’s hockey Team: भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में सिंगापुर को 7-0 से करारी शिकस्त देकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने पूल-बी की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। भारत की ओर से सुनेलिता टोप्पो ने दो गोल किए। उनके अलावा सलीमा टेटे, लालरेमसियामी, रुतुजा पिसल, निक्की प्रधान और दीपिका ने एक-एक गोल कर टीम की बड़ी जीत में योगदान दिया।

पहले हाफ में भारत ने दागे 5 गोल

भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में अब तक दमदार प्रदर्शन किया है। पहले क्वार्टर में भारतीय टीम को सिंगापुर से कड़ी टक्कर मिली। दोनों टीमें पहले क्वार्टर में गोल नहीं कर सकीं। हालांकि, दूसरे क्वार्टर में भारत ने सिंगापुर के डिफेंस को भेदने में सफलता हासिल की और एक के बाद एक पांच गोल दाग दिए। भारत की ओर से दूसरे क्वार्टर में सलीमा टेटे ने 17वें मिनट, सुनेलिता टोप्पो ने 22वें और 24वें मिनट, लालरेमसियामी ने 26वें मिनट और रुतुजा पिसल ने 29वें मिनट में गोल दागे।

दूसरे हाफ में भारत ने दो गोल दागे

भारतीय महिलाओं ने दूसरे हाफ में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखा। भारतीय टीम की ओर से तीसरे क्वार्टर में निक्की प्रधान ने गोल दागा, जिससे भारत का स्कोर 6-0 हो गया। भारतीय टीम के लिए दीपिका ने आखिरी क्वार्टर में भी एक गोल दागा। वहीं, सिंगापुर की टीम आखिर तक भारतीय टीम की रक्षापंक्ति को भेदने में कामयाब नहीं हो सकी। इस तरह भारत ने यह मुकाबला 7-0 से जीत लिया।

सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया से होगा सामना

लगातार पांचवीं जीत के साथ भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब सेमीफाइनल में भारत का सामना पूल-ए में दूसरे स्थान पर रहने वाली दक्षिण कोरिया की टीम से होगा। दोनों टीमों के बीच मुकाबला बुधवार, 30 सितंबर को खेला जाएगा।