अन्य खेल

ISSF World Championship: ईशा, मनु भाकर और दिव्या की तिकड़ी का कमाल, 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में भारत को दिलाया गोल्ड

ISSF विश्व चैंपियनशिप में ईशा सिंह, मनु भाकर और दिव्या सुब्बाराजू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में 1761 अंकों के साथ भारत को स्वर्ण पदक दिलाया।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 5:33 PM IST
ISSF World Championship
भारत की ईशा सिंह और मनु भाकर। (Photo: X/ @OfficialNRAI)

भारत की ईशा सिंह, मनु भाकर और दिव्या सुब्बाराजू की तिकड़ी ने मंगलवार को दोहा में आयोजित ISSF विश्व चैंपियनशिप में कमाल का प्रदर्शन किया। भारतीय तिकड़ी ने महिला 25 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में कुल 1761 अंकों के साथ गोल्ड मेडल जीता।

भारतीय टीम ने साउथ कोरिया की जीन यांग, येजिन ओह और दाजुंग नाम को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। दक्षिण कोरिया ने 1748 अंकों के साथ सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। वही वियतनाम की टीम 1745 अंकों के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफल रही।

भारतीय तिकड़ी का प्रदर्शन

भारत की ओर से ईशा सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 590 अंक हासिल किए। उन्होंने प्रिसिजन राउंड में 292 और रैपिड राउंड में शानदार 298 अंक बनाए। वहीं, मनु भाकर ने प्रिसिजन में 289 और रैपिड में 298 अंक हासिल कर कुल 587 अंक जोड़े। दिव्या सुब्बाराजू ने प्रिसिजन में 289 और रैपिड में 295 अंक के साथ कुल 584 अंकों का योगदान दिया। इस तरह भारतीय टीम का कुल स्कोर 1761 रहा।

ईशा ने प्रिसिजन की तीन सीरीज में क्रमशः 97, 96 और 99 अंक हासिल किए। इसके बाद रैपिड राउंड में उन्होंने 100, 98 और 100 अंक दर्ज किए। मनु भाकर ने प्रिसिजन में 96, 96 और 97 अंक बनाए, जबकि रैपिड में 99, 99 और 100 अंक हासिल किए। दिव्या ने प्रिसिजन में 97, 98 और 94 अंक तथा रैपिड में 98, 99 और 98 अंक दर्ज किए।

महिला 25 मीटर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में ईशा और मनु भाकर

भारतीय निशानेबाजों ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी शानदार प्रदर्शन किया। ईशा सिंह तीसरे और मनु भाकर छठे स्थान पर रहते हुए महिला 25 मीटर पिस्टल के फाइनल में पहुंच गईं। व्यक्तिगत फाइनल में निशानेबाजों के पास लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक खेलों के लिए कोटा स्थान हासिल करने का भी मौका होगा।

ISSF विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है। इससे पहले निवेदिता वेलूर नायर ने महिला 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल में कांस्य पदक जीता। जयपाल मालवीय ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा, रविंदर सिंह, सौरभ चौधरी और अमनप्रीत सिंह की तिकड़ी ने पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल टीम स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता। रविंदर सिंह ने इसी स्पर्धा में व्यक्तिगत सिल्वर मेडल भी हासिल किया। वहीं, एलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और शांभवी क्षीरसागर ने महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत की पदक तालिका में एक और उपलब्धि जोड़ी।

Updated on:
10 Nov 2026, 5:33 PM IST
Published on: