
India Shooting Events At Asian Games 2026: डबल ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर एशियन गेम्स के 10 मीटर एयर पिस्टल वूमेंस इंडिविजुअल इवेंट में मेडल जीतने से चूक गई हैं। फाइनल में उन्होंने शानदार शुरुआत किया लेकिन बीच के कुछ शॉट में वह सही निशाना नहीं लगा पाई। आखिरी राउंड्स की शूटिंग में उन्होंने पोडियम फिनिश करने की कोशिश की लेकिन 5वें स्थान पर रहीं।
10 मीटर पिस्टल वूमेंस इंडिविजुअल के क्वालिफिकेशन में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरे स्थान पर रहीं और उम्मीद की जा रही थी कि वह कम से कम मेडल तो जीत लेंगी। मनु भाकर ने फाइनल मुकाबले में शानदार शुरुआत की, लेकिन बीच के राउंड में कुछ खराब शॉट सीरीज की वजह से वह मेडल की रेस से बाहर हो गईं थी। हालांकि, अपने आखिरी शॉट्स सीरीज में उन्होंने शानदार वापसी की और मेडल का दांवा पेश किया। अपने आखिरी शॉट से पहले वह तीसरे स्थान पर आ गई थीं लेकिन अंतिम खराब शॉट की वजह से वह पांचवें स्थान पर खिसक गईं और उन्हें एलिमिनेट होना पड़ा।
साउथ कोरिया की चो गाउन ने टूर्नामेंट के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। साउथ कोरिया की चो गाउन ने एशियाई गेम्स रिकॉर्ड भी दर्ज किया और कुल 246.3 का स्कोर किया। चीन की शेन यियाओ ने 241.3 के स्कोर के साथ सिल्वर मेडल पर कब्जा किया। वहीं, चीन की ही जियांग रानशिन ने 221.7 के स्कोर के साथ ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा किया।
हालांकि इस दौरान भारत महिलाओं की स्कीट टीम ने कांस्य पदक जीत लिया। राइजा ढिल्लों, परिनाज धालीवाल और महेश्वरी चौहान की भारतीय टीम ने यह पदक अपने नाम किया। इसके बाद मेंस स्कीट टीम ने भी कांस्य पदक पर कब्जा किया। अनंत सिंह नारूका, मीराज अहमद खान और भवतेघ सिंह गिल की भारतीय तिकड़ी ने फाइनल में 347 अंक हासिल कर तीसरा स्थान हासिल किया। कतर ने गोल्ड और कुवैत ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
दूसरी ओर सॉफ्ट टेनिस में 26 वर्षीय जय मीणा ने फिलीपींस के नुगुइट शेरविन को रोमांचक क्वार्टर फाइनल में 4-3 से हराकर मेंस सिंगल्स के सेमीफाइनल में जगह बना ली।
इसके साथ ही जय ने एशियन गेम्स के इतिहास में सॉफ्ट टेनिस में भारत का पहला पदक पक्का कर दिया है। जय मीणा 2025 में एशियाई सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर इस प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले पहले भारतीय भी बने थे। अब उन्होंने एशियाई खेलों में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है।