
Abdu Rozik On Acting Debut: रियलिटी शो 'बिग बॉस 16' से घर-घर में अपनी एक खास पहचान बनाने वाले ताजिकिस्तानी सिंगर अब्दु रोजिक (Abdu Rozik) इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। साल 2024 में अपनी सगाई टूटने के बाद अब अब्दु ने इस पूरे मामले पर खुलकर बात की है। उन्होंने माना है कि अपनी सगाई की खबर को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करना उनकी जिंदगी की एक बहुत बड़ी गलती थी। इसके साथ ही, अब्दु जल्द ही हॉरर शॉर्ट फिल्म 'कॉन्ज्यूर: द रील फाइल्स' (Conjure: The Reel Files) के जरिए एक्टिंग की दुनिया में अपना धमाकेदार कदम रखने जा रहे हैं।
अब्दु रोजिक ने मिड डे संग खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपनी रद्द हुई सगाई को याद करते हुए बताया कि उन्होंने अपनी खुशी को फैंस के साथ क्यों शेयर किया था? इससे पहले उन्होंने कल्चरल मतभेदों (सांस्कृतिक अंतर) को अपनी सगाई टूटने की वजह बताया था। अब इस बारे में विस्तार से बताया।
अब्दु रोजिक ने कहा, "मैं हमेशा फैंस को सिर्फ फैंस नहीं समझता। मैं उन्हें अपना परिवार मानता हूं। मैं अक्सर इंस्टाग्राम के जरिए उनकी राय लेता हूं। तो मैंने सोचा कि अगर मैं इसे अपने परिवार के साथ शेयर करूं, तो वे उत्साहित और खुश होंगे क्योंकि यह मेरी खुशी का समय था। किन यह एक बहुत बड़ी गलती थी। असल में बहुत से लोग दूसरी तरफ थे और उन्होंने नकारात्मक चीजें फैलाने की कोशिश की।"
इस कड़वे अनुभव से सीख लेते हुए अब्दु रोजिकका मानना है कि जिंदगी में हर चीज का एक सही वक्त होता है और पर्सनल माइलस्टोन्स में जल्दबाजी करने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सही समय आने पर वह जरूर शादी करेंगे, लेकिन अब वह अपनी निजी जिंदगी को लेकर ज्यादा सतर्क रहेंगे।
सिंगिंग और रियलिटी शोज में धूम मचाने के बाद अब अब्दु रोजिक एक्टिंग के मैदान में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वह बहुत जल्द हॉरर जॉनर की शॉर्ट फिल्म 'कॉन्ज्यूर: द रील फाइल्स' में लीड रोल निभाते नजर आएंगे। इस प्रोजेक्ट के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह अनुभव उनके लिए बेहद रोमांचक रहा, शूटिंग के दौरान कुछ सीन सचमुच डरावने थे।
अब्दु रोजिक ने एक शूटिंग के दौरान का किस्सा शेयर करते हुए बताया कि एक सीन में उन्हें एक भूत के सामने झूले पर बैठना था और कलाकार का मेकअप इतना वास्तविक लग रहा था कि डर का माहौल पैदा हो गया था। सेट पर मौजूद क्रू और को-स्टार्स के साथ उनका बॉन्ड बहुत अच्छा रहा, जिसके चलते उन्होंने इस चुनौतीपूर्ण भूमिका को बखूबी निभाया। अब्दु को उम्मीद है कि दर्शक उनके इस नए और डरावने रूप को जरूर पसंद करेंगे और भविष्य में वह ऐसे और भी हॉरर रोल्स करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।