OTT

प्रोपेगैंडा विवाद और लाइव-स्ट्रीमिंग ट्रोलिंग के बीच ‘धुरंधर द रिवेंज’ बनी OTT की बड़ी ब्लॉकबस्टर

Dhurandhar The Revenge: OTT की दुनिया में ‘धुरंधर द रिवेंज’ ने बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित होकर नया रिकॉर्ड बनाया है। ये वेब सीरीज अपने दिलचस्प कहानी और एक्शन के कारण दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हुई है।

2 min read
Jun 09, 2026
Dhurandhar The Revenge
Dhurandhar The Revenge (IMDb)

Dhurandhar The Revenge: रणवीर सिंह की स्पाई थ्रिलर 'धुरंधर द रिवेंज' ने OTT पर अपनी रिलीज के साथ ही इतिहास रच दिया है। JioHotstar पर 4 जून को डेब्यू करने वाली इस फिल्म ने ओपनिंग वीकेंड में ही 5 करोड़ यानी 50 मिलियन से ज्यादा दर्शकों का आंकड़ा पार कर लिया। इसमें खास बात ये है कि ये उपलब्धि तब हासिल हुई, जब फिल्म के लाइव-स्ट्रीमिंग फॉर्मेट को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर नाराजगी जताई जा रही थी।

क्रिकेट मैच और लाइव इवेंट्स

फिल्म के पहले दिन JioHotstar ने इसे लाइव-स्ट्रीमिंग फॉर्मेट में पेश किया, जो आमतौर पर क्रिकेट मैचों और लाइव इवेंट्स के लिए यूज किया जाता है। इस फैसले ने तमाम दर्शकों को नाराज कर दिया और कई यूजर्स ने ट्विटर और इंस्टाग्राम पर शिकायत दर्ज की कि जब उन्होंने "वॉच लाइव" का ऑप्शन चुना तो स्क्रीन पर लिखा आया कि "लाइव स्ट्रीम समाप्त हो चुकी है।" हालांकि 5 जून से फिल्म को रेगुलर ऑन-डिमांड स्ट्रीमिंग पर उपलब्ध करा दिया गया।

तमाम ऑनलाइन विरोध के बाद भी फिल्म की व्यूअरशिप ने सभी उम्मीदों को पीछे छोड़ दिया। JioStar के प्रबंधन ने पुष्टि की कि फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ 5 भाषाओं में स्ट्रीम हुई, जिससे देशभर के दर्शकों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित हुई। इन आंकड़े के अनुसार, फिल्म के कुल वॉच टाइम का 60 % हिस्सा कनेक्टेड टीवी डिवाइसेज से आया, जो ये बताता है कि दर्शकों ने इसे परिवार के साथ बड़ी स्क्रीन पर देखना पसंद किया। HT के मुताबिक, JioStar के हिंदी और इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिजनेस के प्रमुख आलोक जैन ने इस सफलता पर कहा कि प्रीमियम कंटेंट तेजी से घरों में शेयर करना और बड़े पर्दे का अनुभव बनता जा रहा है और ये ट्रेंड इमर्सिव, इवेंट-लेड एंटरटेनमेंट की बढ़ती मांग को बताया है।

फिल्म की तारीफ के साथ-साथ आलोचना भी हुई

आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी धुरंधर फ्रेंचाइजी पिछले कुछ समय से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। पहली फिल्म 'धुरंधर' 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में उतरी और 1,307 करोड़ की कमाई की। उसके बाद 19 मार्च 2026 को आई 'धुरंधर 2' ने 1,790 करोड़ से अधिक की कमाई कर सीक्वल को और भी बड़ी सफलता दिलाई। इन दोनों फिल्मों में रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दिग्गज स्टार्स शामिल हैं। फिल्म की कहानी जसकीरत सिंह रंगी उर्फ हमजा अली मजारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक खतरनाक आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पाकिस्तान के ल्यारी इलाके में भेजा जाता है।

फिल्म की तारीफ के साथ-साथ आलोचना भी हुई। कुछ दर्शकों ने आरोप लगाया कि फिल्म पिछली सरकारों की उपलब्धियों को कमतर दिखाते हुए मौजूदा सरकार का गुणगान करती है। इन आरोपों के जवाब में अनुपम खेर और पीयूष मिश्रा जैसे जाने-माने नामों ने फिल्म का बचाव किया।फिल्म के निर्माताओं में से एक, जियो स्टूडियोज की ज्योति देशपांडे ने इशारा किया कि इस साल के लास्ट में दर्शकों को एक बड़ा सरप्राइज मिल सकता है। 'धुरंधर द रिवेंज' अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नेटफ्लिक्स पर भी उपलब्ध है।

Published on:
09 Jun 2026 04:21 pm