
Neha Bhasin On Bigg Boss 20: टीवी के सबसे विवादित और लोकप्रिय रियलिटी शो 'बिग बॉस' हमेशा से अपने ड्रामे, आपसी झगड़ों और कंट्रोवर्सीज को लेकर चर्चा में रहता है। शो के अंदर होने वाली हर गतिविधि पर बाहर बैठे दर्शकों और मशहूर हस्तियों की पैनी नजर होती है। इसी बीच, 'बिग बॉस' की पूर्व प्रतियोगी और जानी-मानी सिंगर नेहा भसीन (Neha Bhasin) ने शो के मेकर्स और दर्शकों की मानसिकता पर बड़ा हमला बोला है। नेहा ने शो के अंदर चलने वाली टॉक्सिक कहानियों (Toxic Narratives) और महिला-पुरुष कंटेस्टेंट्स के लिए समाज और दर्शकों के दोहरे मापदंड (Double Standards) पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
नेहा भसीन ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया है। जिसमें उन्होंने रियलिटी शो के समाज पर पड़ने वाले नेगेटिव असर की कड़ी आलोचना की। उन्होंने हाल ही में कंटेस्टेंट लव गिल और उनके साथी हाउसमेट के बीच के मेलजोल को लेकर सोशल मीडिया और शो में हो रही भारी जांच-पड़ताल और आलोचना का जिक्र किया। नेहा ने कहा कि यह शो अब सिर्फ एक टेलीविजन रियलिटी शो नहीं रह गया है, बल्कि हमारे समाज में गहरी दबी सोच और जेंडर बायस (Gender Bias) का स्पष्ट आईना बन चुका है।
नेहा ने इस बात पर जोर दिया कि शो के मेकर्स टीआरपी (TRP) और व्यूअरशिप बढ़ाने के लिए जानबूझकर ऐसी कॉन्ट्रोवर्शियल और टॉक्सिक कहानियां गढ़ते हैं, जिसमें साइकोलॉजिकल मैनिपुलेशन का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन, उन्होंने यह भी माना कि उससे ज्यादा चिंताजनक बात यह है कि दर्शक खुद इन बातों को हाथों-हाथ लेते हैं और इसे सपोर्ट करते हैं।
नेहा ने साफ तौर पर कहा कि शो में पुरुष कंटेस्टेंट्स को उनके बर्ताव के लिए अक्सर नरमी, हमदर्दी और बहाने दे दिए जाते हैं, जबकि महिला कंटेस्टेंट्स की हर बात की कड़ी जांच की जाती है, उन्हें तुरंत मैनिपुलेटिव या विलेन करार दिया जाता है और उनका कैरेक्टर एसेसिनेशन किया जाता है।
अपनी बात को और गहराई से रखते हुए नेहा ने समाज की उस मानसिकता पर भी सवाल उठाया जहां महिलाओं को अक्सर नेगेटिव रूप में देखा जाता है। उन्होंने चिंता जताई कि महिला दर्शक खुद कई बार उन कहानियों की सबसे बड़ी समर्थक बन जाती हैं जो पुरुष कंटेस्टेंट्स को तो क्लीन चिट दे देती हैं, लेकिन अपनी ही महिला साथियों को नीचा दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़तीं। उन्होंने इसे पीढ़ियों से चली आ रही पितृसत्तात्मक (Patriarchal) सोच और कंडीशनिंग का नतीजा बताया।
अपने व्यक्तिगत अनुभवों को शेयर करते हुए नेहा ने बताया कि उन्होंने खुद पब्लिक में ऐसे 'विच-हंट' (Witch-hunts) का सामना किया है। उन्होंने अपने इस दौर की तुलना धुएं और आग में चलने जैसी दर्दभरी यात्रा से की, जिससे उन्होंने उन लोगों से ज्यादा सीख ली जिन्होंने आग लगाई थी। गौरतलब है कि नेहा भसीन खुद 'बिग बॉस ओटीटी' के पहले सीजन और 'बिग बॉस 15' का हिस्सा रह चुकी हैं, इसलिए रियलिटी शो के अंदर के दबाव और बाहर मिलने वाली प्रतिक्रियाओं को वह बेहद करीब से समझती हैं।