
Uditi Singh Breaks Down after Ex Tag: रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' (Bigg Boss 20) के घर में रोज नए ड्रामे और तीखी बहस देखने को मिल रही हैं। नए एपिसोड में घर के राशन और रूटीन कामों को लेकर चल रही बहस अचानक काफी व्यक्तिगत हो गई। विवाद तब भड़क उठा जब गुल्लू (कुशाल तंवर) ने उदिति सिंह को आड़े हाथों लेते हुए उनके "एक्स" (पूर्व प्रेमी) का जिक्र कर दिया। इस तीखी टिप्पणी से आहत होकर उदिति अपना आपा खो बैठीं और फूट-फूटकर रोती हुई नजर आईं।
बिग बॉस 20 का एक नया वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। गुल्लू और उदिति सिंह के बीच लड़ाई हुई, जिसके बाद उदिति रोने लगी। झगड़े की शुरुआत तब हुई जब गुल्लू ने उदिति से टीवी एक्ट्रेस माही विज को लेकर उनके द्वारा कहे गए "चोर" वाले कमेंट पर जवाब मांगा। उदिति ने बात संभालने की कोशिश करते हुए कहा कि पहले टास्क पर चर्चा होनी चाहिए।
उदिति ने अपनी सफाई में कहा, "मैं तो बस ये कह रही थी कि आप पर जो टैग लगा है, वो ये कि आप चुराकर खाते हो।" उदिति की इस बात से चिढ़कर गुल्लू ने तुरंत पलटवार करते हुए कहा, "सब पर एक न एक टैग लगा ही होता है… किसी पर एक्स (Ex) का टैग लगता है, तो किसी पर चोर का टैग लगता है।"
गुल्लू के मुंह से खुद के अतीत और 'एक्स' का जिक्र सुनते ही उदिति काफी भड़क गईं। उन्होंने तुरंत ऐतराज जताते हुए कहा, "तुम पर्सनल क्यों जा रहे हो? तुम्हें क्या लगता है कि मेरे एक्स के बारे में बात करके तुम बहुत स्मार्ट बन जाओगे?"
इसके बाद उदिति सीधे वॉशरूम एरिया में चली गईं और दरवाजे के पीछे जाकर जोर-जोर से रोने लगीं। रोते-रोते उदिति ने अपनी भड़ास निकालते हुए कहा, "क्या मैं तुम्हारा रोडीज या स्प्लिट्सविला बीच में ला रही हूं? फिर तुमने मेरे एक्स का टॉपिक क्यों निकाला?" बाद में जब गुल्लू को एहसास हुआ कि उन्होंने गुस्से में सीमा पार कर दी है, तो उन्होंने उदिति के पास जाकर अपने निजी कमेंट के लिए ईमानदारी से माफी मांग ली।
बता दें, 'बिग बॉस 20' में उदिति के पुराने रिश्ते और अभिनेता करण वाही (Karan Wahi) का नाम पहले भी सामने आ चुका है। उदिति ने शो में कबूल किया था कि वह और करण ढाई साल तक रिश्ते में थे, जहां शादी तक की बातें चली थीं। हालांकि बाद में उनका ब्रेकअप हो गया, जिसे उदिति ने "एक छिपा हुआ आशीर्वाद" (Blessing in Disguise) बताया था।
हाल ही में ऐसी भी खबरें थीं कि करण वाही शो में वाइल्डकार्ड एंट्री ले सकते हैं, लेकिन अभिनेता ने इन अटकलों का खंडन कर दिया था। ऐसे में गुल्लू द्वारा मारा गया 'एक्स टैग' का ताना उदिति को बेहद नागवार गुजरा।