
Who is Sukesh Chandrashekhar: OTT प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने ठग सुकेश चंद्रशेखर के जीवन और उसके द्वारा किए गए अपराधों पर आधारित एक नई डॉक्यूमेंट्री की घोषणा की है। 'लव, स्कैम और धोखा - द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी' नाम की इस डॉक्यूमेंट्री में उसकी "साजिशों, घोटालों और उस कहानी पर फोकस किया जाएगा, जिसने पूरे देश को चौंका दिया था।"
माना जा रहा है कि इस डॉक्यूमेंट्री में यह समझने की कोशिश की गई है कि कैसे एक व्यक्ति ने कथित तौर पर लोगों को ठगकर भारत के सबसे प्रभावशाली हलकों में अपनी पैठ बना ली। देश के सबसे कुख्यात लोगों में से एक, सुकेश चंद्रशेखर पर कई जानी-मानी हस्तियों का रूप धरने का आरोप है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे, CBI अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अधिकारी, केंद्रीय मंत्रालयों के बड़े अधिकारी और यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट के एक जज भी शामिल हैं।
इंडियन एक्सप्रेस' के अनुसार, सुकेश 2017 से लगातार जेल में है। उसे तब गिरफ्तार किया गया था, जब उस पर AIADMK के तत्कालीन बागी नेता और पूर्व विधायक टीटीवी दिनाकरन से पैसे लेकर चुनाव आयोग के एक अधिकारी को रिश्वत देने का आरोप लगा था।
बता दें कि सुकेश का जन्म और पालन-पोषण बेंगलुरु के भवानी नगर में एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। वह 10वीं कक्षा के बाद ही पढ़ाई छोड़ चुका है। उसने अपना पहला अपराध 2007 में किया था, जब उसने बेंगलुरु के एक निवासी को कथित तौर पर 1.5 करोड़ रुपये का चूना लगाया था। 2010 में, उसने अपने पिता विजयन चंद्रशेखर के साथ मिलकर किचन के उपकरण बेचने वाले एक डीलर को ठगा था। इस अपराध के लिए विजयन को गिरफ्तार किया गया था और कुछ साल बाद उनकी मौत हो गई।
सुकेश 'बालाजी' और 'शेखर रेड्डी' जैसे नामों का भी इस्तेमाल करता था। उसने 2014 में लीना पॉलोस से शादी की। लीना एक ट्रेंड डेंटिस्ट हैं और कुछ फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। ED की एक पुरानी चार्जशीट के अनुसार, वह एक संगठित अपराध सिंडिकेट चलाता था।
बॉलीवुड अभिनेत्रियों, जैसे जैकलीन फर्नांडीज और नोरा फतेही के साथ कथित संबंधों के कारण वह और भी चर्चा में आ गया। सुकेश से जुड़े 200 करोड़ रुपये के जबरन वसूली के मामले की जांच के दौरान पता चला कि कई बॉलीवुड एक्ट्रेसेस ने इस अपराध से मिली रकम का फायदा उठाया था।
जैकलीन फर्नांडीज पर आरोप था कि उन्होंने सुकेश का आपराधिक इतिहास जानने के बावजूद उससे महंगे गिफ्ट्स लिए, लेकिन बाद में वह इस मामले में गवाह बन गईं। पूछ्ताछ में पता चला कि सुकेश ने जैकलीन को पांच घड़ियां, 20 आभूषण, 65 जोड़ी जूते, 47 कपड़े, 36 बैग, नौ पेंटिंग और वर्साचे के क्रॉकरी सेट तोहफे के रूप में दिए थे। हालांकि, अप्रैल 2026 में, जैकलीन ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सरकारी गवाह बनने के लिए एक याचिका दायर की थी। जेल से सुकेश ने जैकलीन फर्नाडिस के लिए इमोशनल लेटर में लिखा था कि जैकलीन तुम्हारे लिए हर पल तड़प रहा हूं।
कुछ समय पहले ऐसी खबरें सामने आईं थीं कि सुकेश ने नोरा फतेही को एक BMW कार देने की कोशिश की थी, जिसे बाद में उनके किसी रिश्तेदार को दे दिया गया। आरोप है कि उसने नोरा को अपने साथ रिश्ते में आने के लिए कई तरह से मनाने की कोशिश भी की थी।
नवंबर 2026 की शुरुआत में, 200 करोड़ रुपये के जबरन वसूली मामले में गवाह के तौर पर शामिल नोरा ने दिल्ली की एक अदालत को बताया कि वह सुकेश से पहली बार उसकी पत्नी लीना के जरिए मिली थीं। उन्होंने बताया कि 2020 में चेन्नई में एक कार्यक्रम के बाद, लीना ने फोन कॉल पर उनकी सुकेश से पहचान कराई थी।
'लव, स्कैम और धोखा - द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी' 18 दिसंबर, 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। इस डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन मौमिता सेन और नियंता शेखर ने किया है। OTT प्लेटफॉर्म ने एक बयान में बताया, "यह डॉक्यूमेंट्री सुर्खियों से आगे बढ़कर, दो साल से ज्यादा की गहन रिसर्च के बाद सुकेश की शुरुआती कहानी को सामने लाती है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। इसमें यह भी दिखाया गया है कि कैसे वह तिहाड़ जेल के अंदर से भी इतने बड़े पैमाने पर अपना काम चलाता रहा। साथ ही, यह सिस्टम की उन कमियों को भी उजागर करती है, जिनकी वजह से उसका यह खेल इतने लंबे समय तक चलता रहा।"
बता दें कि सुकेश चंद्रशेखर ने नेटफ्लिक्स की आने वाली डॉक्यूमेंट्री 'लव, स्कैम और धोखा' को टालने की मांग की है। उनके वकील के जरिए यह दावा किया गया है कि इसके रिलीज होने से निष्पक्ष सुनवाई के उनके अधिकार पर असर पड़ सकता है। उनकी कानूनी टीम ने निर्माताओं को जवाब देने के लिए 72 घंटे का समय दिया है और चेतावनी दी है कि ऐसा न करने पर दिल्ली हाई कोर्ट में कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।