पाली

Pali: पाली में दर्दनाक हादसा, कुएं में मिट्टी ढहने से 2 की मौत, हाथों से मिट्टी खोदकर बचाई दो युवकों की जान

पाली के चंडावल थाना क्षेत्र में पाइपलाइन का काम करते समय बड़ा हादसा हो गया। 15 फीट गहरे कुएं में मिट्टी ढहने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
2 min read
Feb 03, 2026
Well collapses, well collapses in Pali, two dead after being buried under mud, two youths die in Pali, Pali News, Rajasthan News, कुएं ढहा, पाली में कुएं ढहा, मिट्टी में दबने से दो की मौत, पाली में दो युवकों की मौत, पाली न्यूज, राजस्थान न्यूज
एआई तस्वीर

पाली। चंडावल थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 15 फीट गहरे कुएं में मिट्टी ढहने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब चार युवक ट्यूबवेल से कुएं तक पानी की पाइपलाइन का कनेक्शन कर रहे थे।

घटना चंडावल से केरिया बेरा मार्ग पर स्थित बावरियों की ढाणी की है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे पाइपलाइन डालने के बाद युवक कुएं और ट्यूबवेल के बीच खोदी गई खाई में खड़े थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी ढह गई और चारों युवक उसमें दब गए।

मौके पर चीख-पुकार मची

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आस-पास मौजूद लोगों ने फावड़े और हाथों से मिट्टी खोदकर बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद जवरीलाल और मनोहर को बाहर निकाल लिया गया, जिन्हें तुरंत सोजत सिटी अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों का उपचार जारी है। वहीं महेंद्र और लक्ष्मण कुएं में करीब 15 फीट की गहराई तक मिट्टी में दबे रह गए। समय पर रेस्क्यू नहीं हो पाने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक और घायल

सीओ सोजत सिटी रतनाराम देवासी के अनुसार हादसे में महेंद्र कुमार (34) पुत्र सम्पतराम बावरी और लक्ष्मण (26) पुत्र बालूराम बावरी की मौत हो गई। वहीं जवरीलाल (26) पुत्र सम्पतलाल बावरी और मनोहर (42) पुत्र सम्पतलाल बावरी घायल हुए हैं। दोनों घायलों का सोजत सिटी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

ऐसे हुआ हादसा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बावरियों की ढाणी में स्थित ट्यूबवेल से करीब 300 फीट दूर एक खुला कुआं है। कुएं का जलस्तर बढ़ाने के लिए ट्यूबवेल से कुएं तक पाइपलाइन बिछाने के लिए करीब 20 फीट गहरी खाई खोदी गई थी। पाइपलाइन का कनेक्शन करने के बाद चारों युवक खाई में खड़े थे, तभी अचानक मिट्टी ढह गई और यह हादसा हो गया।

Published on:
03 Feb 2026 03:17 pm