पाली

Pali : ‘समस्या आए तो सरकार के पास आएं, समाधान होगा’, उद्यमियों से सीएम भजनलाल ने कही बड़ी बात

Pali : पाली में सीएम भजनलाल शर्मा ने उद्यमियों से कहा कि सरकार जमीन-पानी-बिजली उपलब्ध कराने को तैयार है। इसके साथ ही कोई भी समस्या आए तो सरकार के पास आएं। तुरंत निदान होगा।
2 min read
• •
Oct 04, 2026
cm bhajanlal said entrepreneurs problem approach government solution
Pali : पाली में सीएम भजनलाल शर्मा। फोटो पत्रिका

Pali : औद्योगिक नगरी पाली रविवार को प्रदेशभर से आए 1200 से अधिक लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यमियों की मेजबानी का केंद्र बनी। अग्रसेन वाटिका में लघु उद्योग भारती राजस्थान के प्रदेश सम्मेलन में उद्योगों के विस्तार, उद्यमियों की समस्याओं, रोजगार सृजन और स्वावलंबन को लेकर मंथन हुआ। सम्मेलन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि लघु उद्योग भारती केवल नाम से लघु है, बल्कि देश के विकास में इसकी भूमिका बहुत बड़ी है। संगठन छोटे-छोटे उद्योगों के माध्यम से देश को आगे बढ़ाने और युवाओं को रोजगार देने का काम कर रहा है।

पाली वीरों और संतों की भूमि होने के साथ ही उद्यमियों और मेहनतकश लोगों की धरती है। यहां का कपड़ा उद्योग आजादी से पहले से संचालित है और टेक्सटाइल उद्योग के कारण पाली को रंगों की नगरी के रूप में पहचान मिली है। देश के वस्त्र बाजार में पाली की मजबूत स्थिति है।

वॉकल फोर लोकल को बढ़ावा देने को कहा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उद्यमियों से वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने को कहा। राजस्थान में 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू किए हैं और दिसंबर तक 12 लाख करोड़ रुपए से अधिक के एमओयू धरातल पर उतर जाएंगे।

समस्या आए तो सरकार के पास आएं

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि किसी भी घर या उद्योग को समस्या मुक्त नहीं किया जा सकता। समस्याएं आती रहेंगी और उनका समाधान भी किया जाएगा। उन्होंने उद्यमियों से कहा कि वे अपनी समस्याएं सरकार के सामने रखें। उन्होंने कहा कि उद्योग स्थापित करने के लिए जमीन, पानी और बिजली महत्वपूर्ण हैं। सरकार उद्यमियों को ये सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।

स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योग लगाने का आह्वान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में करीब 85 तरह के खनिज मिलते हैं, जबकि रिफाइनरी से 145 तरह के उत्पाद निकलेंगे। उद्यमी इन संसाधनों के आधार पर यहां नई फैक्ट्रियां स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने जालोर में जीरे और ईसबगोल की प्रोसेसिंग यूनिट, बालोतरा में अनार, जैसलमेर में खजूर तथा पाली में चने पर आधारित उद्योग लगाने की संभावनाएं बताईं। डूंगरपुर और बांसवाड़ा के आम सहित स्थानीय कृषि उत्पादों के लिए प्रोसेसिंग, ट्रांसपोर्ट और कोल्ड स्टोरेज जैसी इकाइयां स्थापित करने की जरूरत बताई।

47 लाख लीटर तक पहुंचा दूध संग्रह

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ढाई साल पहले प्रदेश में डेयरी से 34 लाख लीटर दूध आता था, जो अब बढ़कर 47 लाख लीटर प्रतिदिन हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हुआ है और मार्च 2027 तक सभी किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

रोडवेज भी मुनाफे में

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रोडवेज के मुनाफे में आने का दावा करते हुए कहा कि 1000 बसें खरीदी जा चुकी हैं और 1000 बसें और खरीदी जाएंगी। सहकारिता सदस्यता अभियान के तहत 10 लाख सदस्य बनाए हैं। प्रदेश में 26 लाख महिलाओं को लखपति दीदी का प्रशिक्षण दिया है, जिनमें 19 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

पर्यटन में अपार संभावनाएं

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में होटल व्यवसाय का भविष्य उज्ज्वल है। प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने उद्यमियों से पर्यटन क्षेत्र में निवेश करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में पर्यटक रेगिस्तान, झील, लेपर्ड, अभयारण्य और पहाड़ सभी का अनुभव कर सकते हैं। पाली के जवाई क्षेत्र में लेपर्ड सफारी पर्यटन की बड़ी संभावना है। उन्होंने कहा कि राजस्थान का रेगिस्तान दुबई से कम नहीं है और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में राजस्थान से बड़ा कोई क्षेत्र नहीं है।

Updated on:
04 Oct 2026 07:01 pm
Published on:
04 Oct 2026 07:00 pm