पाली

NEET 2026 Paper Leak: नीट परीक्षा रद्द होने पर पाली में कांग्रेस सड़कों पर उतरी, एनटीए चेयरमैन के इस्तीफे की मांग

Pali News: पाली में नीट-यूजी प्रश्न पत्र लीक और परीक्षा रद्द होने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर कलक्ट्रेट तक विरोध जताया गया और इस्तीफे की मांग उठी।
2 min read
May 13, 2026
Protest against paper leak
प्रदर्शन करते कांग्रेसी कार्यकर्ता। फोटो- पत्रिका

पाली। नीट-यूजी परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने और परीक्षा रद्द होने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली गई। कार्यकर्ता नारे लगाते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से होकर कलक्ट्रेट पहुंचे और वहां प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के चेयरमैन के इस्तीफे की मांग उठाई।

यह वीडियो भी देखें

विद्यार्थियों और अभिभावकों में निराशा का माहौल

नीट परीक्षा रद्द होने के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों में निराशा का माहौल है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लाखों विद्यार्थियों ने लंबे समय तक मेहनत कर परीक्षा की तैयारी की थी, लेकिन पेपर लीक की घटना ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। कांग्रेस नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिशुपाल सिंह निम्बाडा ने कहा कि नीट परीक्षा में सामने आई गड़बड़ियों ने देश के लाखों छात्र-छात्राओं का मनोबल तोड़ दिया है।

परीक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने दिन-रात मेहनत कर परीक्षा की तैयारी की थी, लेकिन एनटीए की लापरवाही के कारण पूरी परीक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक ने देश की शिक्षा व्यवस्था की सच्चाई उजागर कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। नैतिकता के आधार पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और मामले से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में केंद्र और राज्य सरकार दोनों जिम्मेदार हैं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर विरोध जताया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन में शोभा सोलंकी, मदनसिंह जागरवाल, जोगाराम सोलंकी, मेहबूब टी, जीवराज बोराणा, प्रकाश सांखला, प्रकाश चौधरी, महेश जोशी, अरुण जोशी, कमरूद्दीन पठान, लक्ष्मण कच्छवाहा, चंद्रकांत मारू, रमेश चावला, आमीन रंगरेज, रफीक चौहान, सज्जनराज बी, संजय परमार, ताराचंद टांक, मांगीलाल रांगी, घीसाराम रांगी, मांगीलाल सोलंकी, भंवर राव, पुष्पराज सोनी, कृष्णा सांसी, अर्जुन सांसी, करणसिंह मेड़तिया, शकील नागौरी, राजू सिंह सोनाई मांझी, ललित परिहार, राजेंद्रसिंह जाखोड़ा, वजीर खान, दलवीरसिंह चौहान, शंकरलाल दुजाना, मुकेश दहिया और भंवरलाल दूजाना सहित कई कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Updated on:
13 May 2026 08:42 pm
Published on:
13 May 2026 08:40 pm