पाली

पाली: अस्पताल में टिफिन का इंतजार करती रही बीमार पत्नी, रास्ते में ही थम गईं पति की सांसें, 3 महीने पहले हुई थी शादी

पाली के सदर थाना क्षेत्र में बीमार पत्नी के लिए अस्पताल टिफिन लेकर जा रहे 22 वर्षीय नवविवाहित युवक राणाराम पटेल की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उसके दो साथी घायल हो गए, जिनका बांगड़ अस्पताल में इलाज जारी है। राणाराम की शादी महज तीन महीने पहले हुई थी।
2 min read
Jul 29, 2026
Pali Road Accident
मृतक राणाराम और उसकी पत्नी (पत्रिका फोटो)

Pali Road Accident: पाली सदर थाना क्षेत्र के रूपावास मार्ग पर सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक नवविवाहित युवक की मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल हुए दोनों युवकों का बांगड़ अस्पताल में उपचार जारी है। मृतक युवक की महज तीन महीने पहले ही शादी हुई थी। वह अस्पताल में भर्ती अपनी बीमार पत्नी के लिए घर से खाना (टिफिन) लेकर जा रहा था, लेकिन रास्ते में काल ने उसे अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं।

अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर

एएसआई मोहनलाल गुर्जर के अनुसार, सेदरिया गांव निवासी राणाराम (22) पुत्र पटेल सोमवार रात करीब 8:30 बजे अपने दो दोस्तों जोगेंद्र (22) और महेंद्र (24) के साथ बाइक पर सवार होकर बांगड़ अस्पताल जा रहा था। जब तीनों रूपावास मार्ग स्थित गिरादड़ा के पास पहुंचे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में राणाराम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि जोगेंद्र और महेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए बांगड़ अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

तीन महीने पहले ही रचाई थी शादी

मृतक के रिश्तेदार प्रकाश पटेल ने बताया कि राणाराम की शादी इसी वर्ष 21 अप्रैल को वायद गांव निवासी केलीदेवी (20) से हुई थी। राणाराम अपने पिता का इकलौता बेटा था और उसकी एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। राणाराम मुंबई के मलाड़ में खिलौने की दुकान पर काम करता था और शादी के बाद वापस मुंबई लौट गया था।

पत्नी अस्पताल में भर्ती

हाल ही में राणाराम की पत्नी केलीदेवी की तबीयत खराब होने के कारण उसे बांगड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पत्नी की बीमारी की सूचना मिलते ही राणाराम मुंबई से गांव लौट आया था। सोमवार शाम वह अपनी बीमार पत्नी से मिलने और उसके लिए टिफिन लेकर अस्पताल जा रहा था, तभी रास्ते में यह भयानक हादसा हो गया। अस्पताल में भर्ती पत्नी अभी भी पति की मौत से बेखबर है, वहीं अचानक घटी इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Updated on:
29 Jul 2026 01:03 pm
Published on:
29 Jul 2026 01:03 pm