पाली

राजस्थान के इस सरकारी अस्पताल में चूहों ने कुतरे मरीजों के पैर, प्रशासन बोला- परिजन ध्यान रखें

पाली जिले के सबसे बड़े बांगड़ अस्पताल में भर्ती मरीजों की सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यहां सर्जिकल वार्ड में रात के समय सो रहे एक मरीज व दूसरे मरीज के परिजन के पैरों को चूहों ने कुतर दिया।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 3:00 PM IST
bangar hospital pali
बांगड़ अस्पताल में भर्ती मरीजों के चुहों ने कुतरे पैर। फोटो: पत्रिका

पाली। जिले के सबसे बड़े बांगड़ अस्पताल में भर्ती मरीजों की सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। यहां सर्जिकल वार्ड में रात के समय सो रहे एक मरीज व दूसरे मरीज के परिजन के पैरों को चूहों ने कुतर दिया। वहीं, अस्पताल में सुरक्षा के लिए होमगार्ड और निजी सुरक्षाकर्मी तैनात होने के बावजूद कुत्ते भी वार्ड में बेरोक-टोक घूम रहे हैं। ऐसे में भर्ती मरीजों और उनके परिजन को खुद ही चूहों और कुत्तों से बचाव करना पड़ रहा है। जोजावर क्षेत्र निवासी मोतीसिंह ने बताया कि वह सात अक्टूबर से अस्पताल में भर्ती है। उन्हें शुगर की समस्या है।

रात को सोते समय चूहे ने उसके दोनों पैरों की अंगुलियों को काट लिया। इसी वार्ड में भर्ती बाबू खान की पत्नी हसीना बानो ने बताया कि उनके पति पेट दर्द की शिकायत पर तीन दिन से अस्पताल में भर्ती है। रात को वह पति के बेड के पास सो रही थीं। इसी दौरान चूहे ने उसके पैर को काट लिया। घटना के बाद उन्हें सोने की जगह बदलनी पड़ी।

सुरक्षा के बावजूद वार्ड में घूमता कुत्ता

अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था के लिए होमगार्ड जवानों के साथ निजी सुरक्षाकर्मी भी तैनात हैं। इसके बावजूद वार्ड में कुत्तों की आवाजाही पर रोक नहीं लग पा रही है। वार्ड में घूम रहे एक कुत्ते को मरीज के परिजन ने खुद बाहर भगाया। अस्पताल प्रबंधन सुरक्षा व्यवस्था पर हर महीने लाखों रुपए खर्च कर रहा है, लेकिन इसके बावजूद वार्डों में आवारा पशुओं की पहुंच रोकने के इंतजाम नाकाफी नजर आ रहे हैं।

पिछले कुछ वर्षों में सामने आई घटनाएं

मई 2022: कोटा के एमबीएस अस्पताल में एक महिला मरीज की आंख कुतरने की घटना काफी चर्चा में रही थी।
जुलाई 2023: जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में मरीजों के पैर कुतरने का मामला सामने आया था।
दिसम्बर 2024: जयपुर स्थित राज्य के सबसे बड़े कैंसर अस्पताल में भर्ती एक 10 वर्षीय ब्लड कैंसर पीड़ित बच्चे के पैर के अंगूठे को चूहों ने कुतर दिया था।
फरवरी 2025: सीकर के रींगस उप जिला अस्पताल में मोर्चरी में रखे एक शिक्षक के शव को चूहों ने कुतर दिया था।
नवम्बर 2026: जोधपुर के महामंदिर स्थित एक हॉस्पिटल में एक मरीज के बेड पर चूहा चढ़ने का मामला सामने आया था, हालांकि इसमें मरीज को शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा।

खाने की चीजें खुली नहीं छोड़ें

मरीजों के साथ आने वाले परिजन को भी साफ-सफाई का ध्यान रखना चाहिए। खाने-पीने की चीजें खुली नहीं छोड़नी चाहिए। अक्सर लोग खाद्य सामग्री खुली छोड़कर चले जाते हैं, जिससे चूहे वार्ड में पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में कुत्तों के प्रवेश की समस्या को लेकर गार्ड को अलर्ट किया जाएगा, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
डॉ. आरके विश्नोई, कार्यवाहक अधीक्षक, बांगड़ अस्पताल

Updated on:
16 Nov 2026, 3:00 PM IST
Published on: