पाली

Pali : तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दम्पती को कुचला, मौके पर दोनों की मौत, 3 बच्चों के सिर से उठा मां-बाप का साया

Pali Road Accident : तेज रफ्तार ट्रेलर चालक ने कुशालपुरा से जैतारण मजदूरी के लिए जा रहे दम्पती को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि मृतक खेताराम के तीन बच्चे भी हैं।
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 8:30 PM IST
pali jaitaran trailer motorcycle road accident couple death
Jaitaran Road Accident : घटनास्थल पर परिजनों से समझाइश करते पुलिस उप अधीक्षक हाडा। फोटो पत्रिका

Pali Road Accident : जैतारण (पाली). राष्ट्रीय राजमार्ग नम्बर 458 पर गांव आगेवा व जैतारण के बीच जैतारनिया बेरा के सामने गुरुवार सुबह करीब 8.30 बजे तेज रफ्तार व लापरवाही से चला रहे एक ट्रेलर चालक ने कुशालपुरा से जैतारण मजदूरी के लिए जा रहे दम्पती को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ट्रेलर चालक दुर्घटनाग्रस्त हुई मोटरसाइकिल को करीब एक किलोमीटर दूर ले गया। घटना की सूचना मिलते ही आस-पास के लोग व परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। सड़क पर लोगों ने पत्थर व कांटे रखकर जाम लगा दिया। पुलिस की समझाइश के बाद ढाई घंटे से जाम खोला गया।

कुशालपुरा चौकी प्रभारी पुसाराम ने बताया कि गुरुवार को सुबह कुशालपुरा के चौहानों की ढीमड़ी निवासी खेताराम बावरी (27 वर्ष) पुत्र ढगलाराम व उनकी पत्नी केलमी देवी (24 वर्ष) दोनों मोटरसाइकिल पर कुशालपुरा से आगेवा होते हुए जैतारण (पाली) मजदूरी के लिए जा रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव आगेवा के निकट बेरा जैतारनिया के सामने एक ट्रेलर चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया तथा चालक के खिलाफ तेजगति व लापरवाही से चलाने का मामला दर्ज किया है।

एक किलोमीटर दूर पटकी मोटरसाइकिल

हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल ट्रेलर के अगले हिस्से में फंस गई। दोनों घायलों को वहीं मौके पर छोड़करर ट्रेलर चालक वहां से भागने लगा। एक किलोमीटर दूर ट्रेलर चालक ने ट्रेलर को रोककर उसमें फंसी बाइक को बाहर निकालने लगा। तब उनके पीछे आ रहे अन्य वाहन चालकों ने ट्रेलर चालक को रोक दिया। जोर-जोर से चिल्लाने लगे तब ट्रेलर चालक ट्रेलर को वहीं पर छोड़कर भाग गया।

घटना की सूचना पर कुशालपुरा चौकी प्रभारी पुसाराम, महेशकुमार, इन्द्रसिंह सहित पुलिस जाब्ता पहुंचा। घटना के पश्चात कुशालपुरा सरपंच मनीषा बाई, धाराराम पूनिया, चावण्डिया कला सरपंच धीरजपालसिंह भी घटना स्थल पर पहुंचे। लोगों ने दोनों तरफ पत्थर डालकर जाम लगा दिया तथा मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

6 घंटे तक प्रदर्शन, ढाई घंटे बाद खुलवाया जाम

मुख्य राजमार्ग पर जाम की सूचना मिलने पर जैतारण थाना प्रभारी नरेन्द्रकुमार शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। समझाइश के बाद जाम तो खोल दिया, लेकिन घटना स्थल पर टेंट लगा पर प्रदर्शन जारी रखा। करीब तीन बजे के आस-पास पुलिस उप अधीक्षक रमेन्द्रसिंह हाडा घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने सरकारी मदद का नियमानुसार दिलाने का आश्वासन दिया। करीब 6 घंटे से चल रहे प्रदर्शन के बाद परिजनों ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए राजकीय अस्पताल लाया गया। परिजनों ने बताया कि मृतक खेताराम के तीन बच्चे भी हैं।

Updated on:
19 Nov 2026, 8:30 PM IST
Published on: