
Pali Road Accident : मारवाड़ जंक्शन (पाली)। बहन की शादी की खुशियां एक सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। दुल्हन के रिश्ते में लगने वाले दो भाइयों को बाइक से लेकर गांव लौट रहा था, लेकिन रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर घायल हो गया, जिसका जोधपुर में उपचार जारी है। उधर, हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घरों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार जोड़ दुदौड़ निवासी महेंद्र (23) पुत्र किशनाराम की बहन का विवाह शुक्रवार रात्रि को था। शादी की तैयारियों के बीच महेंद्र अपने रिश्ते में लगने वाले भाइयों राजूराम पुत्र श्यामलाल और शंकरलाल पुत्र श्यामलाल निवासी पांचवा खुर्द को बाइक पर लेकर गांव लौट रहा था। इस दौरान अखावास-सिनला मार्ग पर उनकी बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।
हादसे में महेंद्र और राजूराम के सिर में गंभीर चोटें आने से उनकी मौके पर मौत हो गई। वहीं शंकरलाल गंभीर घायल हो गया। लोगों ने गंभीर रूप से घायल को अस्पताल पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मारवाड़ जंक्शन से रेफर किया। वहीं मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाया।
शनिवार सुबह अस्पताल परिसर में परिजनों सहित समाजबंधु इकट्ठे हो गए। थानाधिकारी राजेंद्र खदाव मौके पर पहुंचे। शाम को मृतक महेंद्र के पिता किशनाराम बावरी की रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द किया। उधर, हादसे के बाद आनन-फानन महेंद्र की बहन की शादी की रस्में पूरी की गई।
हादसे ने पांचवा खुर्द निवासी राजूराम के परिवार पर दोहरी मार डाली है। महज आठ दिन पहले ही उसके घर बेटे का जन्म हुआ था, जिससे परिवार में खुशियों का माहौल था। अचानक हुई इस दुर्घटना ने उन खुशियों को मातम में बदल दिया।
उधर, जिस घर में बहन की शादी की रस्में और मंगलगीत गूंजने थे, वहां भाई की मौत से चीख-पुकार मच गई। शादी की खुशियां पलभर में शोक में बदल गईं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।