पाली

Pali News: जिस बस से उतरा, उसी ने रौंदा, घटनास्थल पर हुई बुजुर्ग की मौत

पाली जिले के रास थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 76 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। सेवरिया बस स्टैंड पर निजी बस से उतरते समय देवीराम देवासी उसी बस के पिछले टायर की चपेट में आ गए। हादसे में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
2 min read
• •
Oct 04, 2026
pali accident
Pali Accident: हादसे के बाद पुलिस ने बस को किनारे खड़ा कराया (फोटो-पत्रिका)

पाली। रास थाना क्षेत्र के सेवरिया बस स्टैंड पर रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। निजी बस से उतरते समय 76 वर्षीय बुजुर्ग उसी बस के पिछले पहिए की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए सहमत हुए।

रास थानाधिकारी पन्नालाल और एएसआइ अरविन्दसिंह के अनुसार रास से वाया सेवरिया और कुड़की होकर एक निजी बस पुष्कर की ओर जा रही थी। सेवरिया के रहने वाले 76 वर्षीय देवीराम देवासी बस में रास से सवार हुए थे। सेवरिया बस स्टैंड पहुंचने पर देवीराम बस से नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान वे अचानक उसी बस के पिछले टायर के नीचे आ गए।

बस के पहिए की चपेट में आने से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जब तक उन्हें संभाला जाता, उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

बुजुर्ग की मौत की जानकारी मिलते ही उनके परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। हादसे को लेकर उनमें आक्रोश था। परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इससे मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से समझाइश की तथा नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस की समझाइश के बाद परिजन शव के पोस्टमार्टम के लिए सहमत हुए।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

पुलिस ने शव को रास सीएचसी केंद्र स्थित मोर्चरी में रखवाया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया गया और इसके बाद उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। मृतक के भतीजे महाराम देवासी की रिपोर्ट पर पुलिस ने निजी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने हादसे में शामिल बस को मौके से हटवाकर साइड में खड़ा करवा दिया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
04 Oct 2026 06:47 pm
Published on:
04 Oct 2026 06:47 pm