
पाली। पाली जिला परिषद के नए प्रमुख के चुनाव के नतीजे आ गए हैं और भाजपा की सीता देवी बावरी नई जिला प्रमुख बन गई हैं। बुधवार को हुई वोटिंग और गिनती के बाद सीता देवी को 19 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार निरमा चौहान को 14 वोट ही मिल सके। 5 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर भाजपा ने पाली की इस कुर्सी पर अपना कब्जा बरकरार रखा है।
मतदान की शुरुआत में भाजपा के प्रमुख दावेदारों में शामिल रहे गुदड राम सबसे पहले वोट डालने जिला परिषद पहुंचे। वहीं, कांग्रेस खेमे के सभी 14 सदस्य एकजुट होकर मतदान करने पहुंचे हैं। इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी निरमा चौहान अपनी 2 महीने की नन्ही बेटी जीनल को गोद में लेकर वोट डालने पहुंचीं, जो चर्चा का विषय बनी रहीं। उन्होंने कहा कि बेटी बहुत छोटी है, इसलिए वे उसे घर पर छोड़कर नहीं आ सकतीं।
बहुमत होने के बावजूद भाजपा में टिकट वितरण को लेकर नाराजगी खुलकर सामने आई है। पार्टी से प्रत्याशी नहीं बनाए जाने पर भाजपा सदस्य चौथाराम ने नाराजगी जताते हुए नारेबाजी की और कहा कि उन्हें अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। मामला बढ़ता देख भाजपा नेता चौथाराम को समझाने के लिए सांसद सेवा केंद्र के अंदर ले गए। इसी दौरान बाहर कांग्रेस के नेता पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। पाली विधायक भीमराज भाटी ने आरोप लगाया कि हम अंदर जाने के लिए दरवाजे खटखटाते रहे, लेकिन भाजपा नेता एक सार्वजनिक सरकारी कार्यालय के अंदर बैठकर पार्टी की राजनीतिक गतिविधियां चलाते रहे।
पाली जिला परिषद की कुल 33 सीटों में से भाजपा ने 19 (18 सीटों पर जीत और 1 निर्विरोध) तथा कांग्रेस ने 14 सीटों पर जीत दर्ज की है। जिला प्रमुख बनने के लिए 17 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। आंकड़ों के लिहाज से भाजपा के पास बहुमत से दो सीटें अधिक हैं, जबकि कांग्रेस को जीत के लिए 3 अतिरिक्त वोटों (क्रॉस-वोटिंग) की जरूरत है। ऐसे में भाजपा अपनी जीत को लेकर आश्वस्त है, लेकिन चौथाराम की नाराजगी ने मुकाबले को रोचक बना दिया है।
खबर अपडेट की जा रही है...