पाली

Rajasthan Politics : भाजपा को बड़ा झटका, पाली में जिला महामंत्री रह चुके राकेश भाटी कांग्रेस में शामिल

Rakesh Bhati : राजस्थान में निकाय चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका लगा। पाली में भाजपा के जिला महामंत्री रह चुके राकेश भाटी कांग्रेस में शामिल हो गए।
2 min read
Aug 29, 2026
rajasthan bjp big blow pali rakesh bhati joins congress
Rajasthan : पाली में भाजपा के जिला महामंत्री रह चुके राकेश भाटी कांग्रेस में शामिल। फोटो -@INCRajasthan

Pali Politics Rakesh Bhati : राजस्थान में निकाय चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं भाजपा और कांग्रेस पार्टियों में सरगर्मियां तेज हो गईं हैं। निकाय चुनाव में जीत के लिए दोनों दल संभल कर प्रत्याशियों का चयन कर रहे हैं। इस बीच निकाय चुनाव से पहले भाजपा को झटका लगा। भारतीय जनता पार्टी से निष्कासित राकेश भाटी ने शनिवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। वह पाली नगर निगम की निवर्तमान महापौर रेखा भाटी के पति हैं। पांच बार पार्षद एवं भाजपा के जिला महामंत्री रह चुके राकेश भाटी ने जयपुर में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने उन्हें कांग्रेस का दुपट्टा पहनाकर कांग्रेस में शामिल किया।

इस अवसर पर पाली से कांग्रेस विधायक भीमराज भाटी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपुरोहित एवं अन्य पार्टी नेता भी मौजूद थे। पाली भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का गृह जिला है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि पाली में इस बड़े विकेट के गिरने के बाद निकाय चुनाव में भाजपा को बड़ा नुकसान हो सकता है!

पाली में राकेश भाटी बड़ा नाम, 5 बार रहे पार्षद

राकेश भाटी भाजपा से करीब 35 साल से जुड़े हुए थे। वे पांच बार पार्षद का चुनाव जीत चुके है। साल 1999, साल 2004, साल 2009, साल 2014 और साल 2019 में पार्षद रहे। साल 2007 में साढ़े तीन महीने के लिए सभापति नगर परिषद की जिम्मेदारी संभाली। साल 2004 में उपसभापति भी रहे। साल 2009 में नगर परिषद प्रतिपक्ष नेता रहे। इसके साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री पीपी चौधरी के साथ 10 वर्षों तक उनके प्रतिनिधि के रूप में भी काम किया है। राकेश भाटी की पत्नी रेखा भाटी पाली नगर निगम की निवर्तमान महापौर हैं।

राकेश भाटी ने जताई अपनी नाराजगी

भाजपा छोड़ने की बात पर राकेश भाटी ने कहा जनता की समस्या को लेकर वे जयपुर गए थे। लेकिन पूर्व एमएलए ने उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा और पार्टी से उन्हें और उनकी पत्नी रेखा भाटी दोनों को निष्कासित करवा दिया। अब भाजपा छोड़कर कांग्रेस पार्टी में शामिल हुआ हूं और कांग्रेस के झंडे के नीचे रहकर पालीवासियों की सेवा करूंगा।

पूर्व पालिका अध्यक्ष BJP में शामिल

अभी 27 अगस्त को राजस्थान के जैसलमेर जिले में पोकरण के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंदीलाल गुचिया ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। आनंदीलाल गुचिया करीब ग्यारह वर्षों तक पोकरण नगर पालिका के अध्यक्ष रहे। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने यहां सांसद सेवा केन्द्र में भाजपा का दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया था।

Updated on:
29 Aug 2026 04:17 pm
Published on:
29 Aug 2026 04:17 pm