पाली

Pali News: सड़क से गोवंश कम करने का नया फार्मूला, पकड़ते ही सांडों का होगा बधियाकरण

राजस्थान के पाली शहर में सड़कों पर बढ़ते बेसहारा गोवंश और हादसों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने नई कार्ययोजना तैयार की है। अब पकड़े जाने वाले सांडों का बधियाकरण कराया जाएगा, जबकि मवेशी वापस लेने वाले पशुपालकों से जुर्माना और भविष्य में उन्हें सड़क पर नहीं छोड़ने का शपथ पत्र भी लिया जाएगा।
2 min read
Jul 10, 2026
Pali News
Pali: सड़क से गोवंश कम करेगा प्रशासन (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

पाली। शहर में बेसहारा गोवंश के बढ़ते आतंक और लगातार हो रहे हादसों के बीच प्रशासन और नगर निगम ने सड़कों से गोवंश हटाने के लिए योजना बनाई है। बांगड़ स्टेडियम के पीछे पूर्व में संचालित अस्थायी गोशाला को दोबारा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। यहां पकड़े गए बेसहारा गोवंश को पहले रखा जाएगा और तीन-चार दिन बाद गोशालाओं में भेजा जाएगा। वहीं, गोवंश की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए सांडों का पकड़ते ही बधियाकरण भी कराया जाएगा।

नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज, भाजपा जिला प्रवक्ता तिलोक चौधरी तथा अधिकारियों ने शुक्रवार को बांगड़ स्टेडियम के पीछे स्थित पूर्व अस्थाई गोशाला परिसर का निरीक्षण किया। यहां मवेशियों के लिए बनी पानी की खेलियों की मरम्मत कर चारा-पानी की व्यवस्था की जाएगी। कोई पशुपालक अपने मवेशी वापस लेना चाहेगा तो उससे जुर्माना वसूला जाएगा तथा भविष्य में मवेशियों को सड़कों पर नहीं छोड़ने का शपथ पत्र लिया जाएगा।

अस्थाई गोशाला का जायजा लेते अ​धिकारी। (फोटो-पत्रिका)

पशु प्रेमियों के साथ करेंगे बैठक

अतिरिक्त जिला कलक्टर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि पशुपालकों, पशु प्रेमियों और चारा विक्रेताओं के साथ बैठक की जाएगी। उनको निर्धारित स्थानों पर ही चारा बेचने और गोवंश को सड़कों पर नहीं छोड़ने के लिए पाबंद किया जाएगा। उधर, नगर निगम ने सुबह सड़कों पर चारा बेचने वाले छह ठेले जप्त किया। कई चारा बेचने वालों को समझाइश कर सड़क पर चारा नहीं बेचने को कहा गया।

पत्रिका ने लगातार उठाया मुद्दा

दरअसल, राजस्थान के कई शहरों में आवारा पशुओं के सड़क पर घूमने से राहगीरों के लिए समस्या खड़ी हो गई है। कई बार सांड राहगीरों को नुकसान पहुंचा देते हैं। वहीं कई बार हादसे की वजह भी बनते हैं। शहर में बेसहारा गोवंश के हमलों और सड़कों पर बढ़ती समस्या को लेकर राजस्थान पत्रिका लगातार समाचार प्रकाशित कर प्रशासन और नगर निगम का ध्यान आकर्षित कर रहा है। प्रशासन ने गोवंश को पकड़कर व्यवस्थित रूप से गोशालाओं तक पहुंचाने की कार्रवाई शुरू करने का निर्णय किया है।

गोवंश को भेजेंगे गोशाला

'शहर में सड़कों पर विचरण कर रहे सभी बेसहारा गोवंश को अभियान चलाकर पहले अस्थायी गोशाला में रखा जाएगा। वहां से उन्हें गोशालाओं में भेजा जाएगा। चारा विक्रेताओं को भी बांगड़ स्टेडियम और गोशालाओं के पास निर्धारित स्थानों पर बैठाने की व्यवस्था की जाएगी।' -नवीन भारद्वाज, आयुक्त, नगर निगम, पाली

Updated on:
10 Jul 2026 09:46 pm
Published on:
10 Jul 2026 09:43 pm