पाली

राजस्थान में आचार संहिता के बीच कार से मिले 1.02 करोड़ कैश, घी के डिब्बों के पीछे छिपाया था पैसा

राजस्थान में निकाय चुनाव की आचार संहिता के बीच तखतगढ़ पुलिस ने रविवार रात नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से एक करोड़ दो लाख रुपए की नकदी बरामद की। नकदी वाहन के पीछे की तरफ रखे बॉक्स और बैग में छिपाकर ले जाई जा रही थी।
2 min read
Aug 24, 2026
takhatgarh police seized crores cash
सुमेरपुर-तखतगढ़ में देर रात कार्रवाई करती पुलिस (पत्रिका फोटो)

सुमेरपुर (पाली): निकाय चुनाव की आचार संहिता के बीच तखतगढ़ पुलिस ने रविवार रात एक बड़ी सफलता हासिल की है। जालोर चौराहे पर चलाए जा रहे विशेष नाकाबंदी अभियान के दौरान पुलिस ने एक लग्जरी कार (एसयूवी) को रोककर तलाशी ली, जिसमें से 1 करोड़ 2 लाख रुपए की भारी-भरकम नकदी बरामद की गई। इतनी बड़ी रकम मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात तखतगढ़ थाने के एएसआई मकसूद खान के नेतृत्व में टीम जालोर चौराहे पर वाहनों की गहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदेहास्पद लग्जरी कार को रुकवाया गया। जब वाहन के पिछले हिस्से की तलाशी ली गई, तो पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। कार में रखे 5 बॉक्स और 2 बैग के भीतर 1.02 करोड़ रुपए का कैश छिपाकर रखा गया था। इसके साथ ही वाहन से 750-750 ग्राम के गाय के देसी घी के पैकेट भी बरामद किए गए।

हिरासत में लेकर पूछताछ

कार में एक महिला और एक युवक सवार थे। निकाय चुनाव की आचार संहिता लागू होने के कारण इतनी बड़ी मात्रा में नकदी मिलने पर पुलिस टीम ने तुरंत दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने दावा किया है कि यह रकम एक प्लॉट की बिक्री से प्राप्त हुई है और वे इसे लेकर जा रहे थे। हालांकि, वे मौके पर इस राशि से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या पुख्ता साक्ष्य पेश नहीं कर सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सुमेरपुर के सीओ भवानी सिंह भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बिना किसी कागजात के ले जाई जा रही 1.02 करोड़ रुपए की पूरी नकदी को जब्त कर लिया है।

तखतगढ़ पुलिस अब रकम के वास्तविक स्रोत, इसे कहां ले जाया जा रहा था और दोनों व्यक्तियों द्वारा किए गए दावों की गहनता से पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संबंधित दस्तावेजों की जांच और आयकर विभाग को सूचित करने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। देर रात तक पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की जांच में जुटी रही।

क्या है आदर्श आचार संहिता?

विषय विवरण
परिभाषाचुनाव के दौरान राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के लिए तय किए गए नियम।
मुख्य उद्देश्यचुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाए रखना।
कब लागू होती है?चुनाव कार्यक्रम (तारीखों) की घोषणा होते ही लागू।
प्रचार में मर्यादाधर्म, जाति या नफरत के नाम पर वोट मांगने पर पूरी तरह रोक।
लालच पर रोकवोट के बदले पैसा, शराब या कोई भी उपहार बांटना प्रतिबंधित।
निष्पक्ष चुनावसभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के लिए एक समान नियम लागू।
सरकारी मशीनरी पर रोकचुनावी फायदे के लिए सरकारी संसाधनों और वाहनों आदि का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।

पहले कितनी थी लिमिट, अब कितनी बढ़ी?

निकाय का प्रकारप्रत्याशी का पदपुरानी खर्च सीमा (₹)नई खर्च सीमा (₹)कुल कितनी बढ़ोतरी हुई (₹)
नगर निगमपार्षद2.50 लाख3.50 लाख1.00 लाख
नगर परिषदपार्षद1.50 लाख2.50 लाख1.00 लाख
नगर पालिकापार्षद1.00 लाख1.50 लाख50 हजार
Updated on:
24 Aug 2026 09:21 pm
Published on:
24 Aug 2026 09:20 pm