पाली

Property Dealer Murder: राजस्थान में प्रॉपर्टी डीलर का बेरहमी से कत्ल, रात भर कुचलती रही गाड़ियां, हाईवे पर मिले शव के चिथड़े

Property Dealer Murder: पाली जिले में रामासिया के पास ब्यावर-पिंडवाड़ा हाईवे पर प्रॉपर्टी डीलर वजाराम का क्षत-विक्षत शव मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए धरना दिया।
3 min read
Mar 25, 2026
Rajasthan Property Dealer Murder Body Thrown on Highway Crushed by Vehicles in Pali Body Mutilated
पाली में प्रॉपर्टी डीलर (फोटो- पत्रिका)

Property Dealer Vajaram Murdered in Pali: पाली में सदर थाना क्षेत्र के रामासिया के पास मंगलवार सुबह एक प्रॉपर्टी व्यवसायी व किराणा व्यापारी का क्षत-विक्षत शव ब्यावर-पिंडवाड़ा नेशनल हाइवे पर मिला। सूचना पर पुलिस पहुंची और शरीर के हिस्से पोटली में भरकर मोर्चरी में रखवाए।

पार्षद प्रकाश चौहान ने बताया कि 23 मार्च शाम करीब चार बजे वजाराम किसी परिचित के साथ प्लॉट की रजिस्ट्री कराने गए थे। घरवालों को उन्होंने कहा था कि दुकान के लिए किराणा का सामान लाना है। वजाराम का मोबाइल डिस्चार्ज होने से वह पत्नी का मोबाइल लेकर निकले थे।

शाम छह बजे रजिस्ट्रार ऑफिस के पास अंतिम लोकेशन मिली। फिर उनका कोई पता नहीं चला। शत-विक्षत शव मिलने की सूचना मंगलवार सुबह करीब सात बजे पुलिस ने परिजनों को दी। परिजन पहुंचे तो शव सड़क पर चिपका था। वजाराम की बाइक सड़क किनारे सही खड़ी थी।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

वजाराम का शव मोर्चरी में रखवाने के बाद परिजन और समाज के लोग एकत्रित हुए। परिजनों का आरोप है कि किसी ने वजाराम की हत्या कर शव हाईवे पर फेंक दिया। परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।

मामला हत्या में दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने और मुआवजा दिलाने की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। इसके बाद मृतक के परिजनों की ओर से दी रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

मृतक के शरीर से गुजरे वाहन

व्यापारी के हाईवे पर पड़े शव के ऊपर से कई वाहन गुजरे, जिससे शरीर के कई टुकड़े हो गए और वे सड़क पर फैल गए। शरीर का एक हिस्सा सड़क पर चिपक गया। शव के ऊपर से सैकड़ों वाहन गुजरने के बावजूद संवेदनहीनता रही, किसी ने वाहन नहीं रोका।

आधार कार्ड से हुई पहचान

सदर थाना प्रभारी कपूराराम ने बताया कि मृतक वजाराम की बाइक हाईवे किनारे खड़ी मिली। सड़क पर शव के कई हिस्से अलग-अलग जगह पड़े थे। आधार कार्ड से पहचान कर परिजनों को जानकारी दी गई।

लास्ट लोकेशन रजिस्ट्रार ऑफिस से करीब चार किलोमीटर दूर हाईवे पर किराणा व्यापारी का शव मिला है। यह उनके घर जाने वाले मार्ग से अलग है। घर से ये दूरी मात्र दो किलोमीटर की है।

परिजनों ने शव लेने से इनकार किया

बांगड़ अस्पताल में काफी लोग पहुंचे और परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। सीओ ग्रामीण अमर सिंह रत्नू और सदर थाना प्रभारी कपूराराम ने समझाइश की। पुलिस घटनास्थल और आसपास क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

मृतक वजाराम के दो पुत्र हैं। बड़ा बेटा प्रकाश देवासी (30) और छोटा श्रवण देवासी (24) है। प्रकाश विवाहित है, जबकि श्रवण का विवाह होना है।

सवाल जो मांगते जवाब

  • वजाराम प्लॉट की रजिस्ट्री कराने जोधपुर रोड भटवाड़ा स्थित रजिस्ट्रार ऑफिस गया तो वहां से रामासिया से गुजरते हाईवे पर कैसे पहुंचा?
  • उसकी बाइक सुरक्षित है तो वजाराम के ऊपर से वाहन कैसे गुजरे और उसकी मौत कैसे हुई?
  • वह हाईवे पर किसके साथ आया था या किसी अन्य वाहन से उसे वहां लाया?
  • किराणा व्यापारी के साथ आखिरी बार कौन रहा?
  • सोमवार शाम करीब चार बजे वजाराम घर से निकला, उसका क्षत-विक्षत शव मंगलवार सुबह 5 बजे रामासिया हाईवे पर मिला। इस बीच वह कहा था?
Updated on:
25 Mar 2026 11:40 am
Published on:
25 Mar 2026 11:24 am