उत्तर पश्चिम रेलवे ने राजस्थान के एक और रेलवे स्टेशन के नए और आधुनिक अवतार का वीडियो साझा किया है, जिसका 85 प्रतिशत पुनर्विकास कार्य पूरा हो चुका है।
राजस्थान के रेलवे स्टेशनों की तस्वीर अब तेजी से बदल रही है। इसी कड़ी में मारवाड़ की शान कहे जाने वाले सोजत रोड स्टेशन के पुनर्विकास की कुछ बेहद खूबसूरत झलकियां सामने आई हैं। उत्तर पश्चिम रेलवे (NWR) ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए इस स्टेशन के नए अवतार की घोषणा की है। जाली-झरोखों और लाल पत्थर की कारीगरी से सजा यह स्टेशन अब किसी आधुनिक महल से कम नहीं लग रहा है।
सोजत रोड स्टेशन पर लगभग 21.20 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया जा रहा है। स्टेशन के बुनियादी ढांचे को राजस्थान की पारंपरिक स्थापत्य कला से प्रेरित होकर डिजाइन किया गया है।
स्टेशन को पूरी तरह से 'दिव्यांगजन फ्रेंडली' बनाया गया है, जिसमें कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर, विशेष वाटर बूथ और समर्पित पार्किंग स्थल शामिल हैं।
पाली जिले का सोजत शहर अपनी GI-टैग्ड मेहंदी के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। सोजत रोड स्टेशन के आधुनिक विकास का सबसे बड़ा लाभ यहां के व्यापारियों को मिलेगा। स्थानीय व्यापारियों को उम्मीद है कि बेहतर ट्रांसपोर्टेशन और आधुनिक रैक पॉइंट सुविधाओं से मेहंदी के निर्यात में उछाल आएगा।
सोजत केवल मेहंदी ही नहीं, बल्कि अपने ऐतिहासिक किले, प्राचीन मंदिरों और मारवाड़ी संस्कृति के लिए भी जाना जाता है। अत्याधुनिक स्टेशन बनने से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, जिससे ग्रामीण राजस्थानी जीवनशैली और कृषि व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्टेशन का काम अंतिम चरण में है और उत्तर पश्चिम रेलवे ने 'जल्द ही नए अवतार में' का वादा किया है। अब चर्चा इस बात की है कि क्या इस नए स्टेशन के साथ सोजत रोड को कुछ लंबी दूरी की नई ट्रेनों का ठहराव भी मिलेगा? रेल प्रेमियों और स्थानीय जनता को अब उस दिन का इंतज़ार है जब यह स्टेशन पूरी तरह से जनता को समर्पित होगा।