पाली

राजस्थान के इस गांव में किन्नर समाज की मनीषा बाई बनीं सरपंच, जानें कौन हैं और कैसे दर्ज की जीत

पाली जिले की रायपुर पंचायत समिति की कुशालपुरा ग्राम पंचायत में किन्नर समाज की मनीषा बाई ने सरपंच पद पर जीत दर्ज की। उन्होंने दिग्गज प्रत्याशियों और पूर्व सरपंचों को 301 मतों से हराकर गांव की सरकार की कमान संभाली। उनकी जीत को ग्रामीण राजनीति में सामाजिक भागीदारी और बदलती सोच की मिसाल माना जा रहा है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 1:26 PM IST
Sarpanch Manisha Bai
राजस्थान में किन्नर समाज की मनीषा बाई बनीं सरपंच (Photo-Patrika)

Rajasthan Sarpanch Manisha Bai : रायपुर मारवाड़। पंचायतीराज आम चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में सोमवार को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान के बाद गांवों को नई सरकार मिल गई। चुनाव को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस बीच पाली जिले की रायपुर पंचायत समिति की कुशालपुरा ग्राम पंचायत का चुनाव खास चर्चा में रहा। यहां किन्नर समाज की मनीषा बाई ने सरपंच पद पर जीत दर्ज कर नई मिसाल कायम की। उन्होंने चुनाव मैदान में उतरे कई दिग्गज प्रत्याशियों और पूर्व सरपंचों को शिकस्त देते हुए 301 मतों के अंतर से जीत हासिल की।

पूर्व सरपंचों और दिग्गज प्रत्याशियों को पछाड़ा

कुशालपुरा ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए कई अनुभवी और पुराने चेहरे चुनाव मैदान में थे। इसके बावजूद मनीषा बाई ने मतदाताओं का भरोसा जीतकर बाजी मार ली। उनकी जीत को गांव की राजनीति में सामाजिक भागीदारी और बदलती सोच के रूप में देखा जा रहा है।

कभी किन्नर समाज बाहुल्य गांव के रूप में थी पहचान

कुशालपुरा गांव की पहचान कभी किन्नर समाज बाहुल्य गांव के रूप में रही थी। हालांकि, समय के साथ समाज के कई परिवार दूसरे स्थानों पर चले गए। वर्तमान में गांव में किन्नर समाज के कुछ परिवार ही निवास करते हैं। इसके बावजूद ग्रामीणों ने मनीषा बाई पर भरोसा जताया और उन्हें गांव की सरकार की कमान सौंपी।

लोकतंत्र में विश्वास और समर्थन बना जीत का आधार

मनीषा बाई की जीत ने यह संदेश दिया है कि लोकतंत्र में नेतृत्व का अधिकार किसी जाति, वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं है। मतदाताओं का विश्वास और समर्थन ही जनप्रतिनिधि के चयन का सबसे बड़ा आधार है। अब मनीषा बाई सरपंच के रूप में कुशालपुरा ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी संभालेंगी।

Updated on:
17 Nov 2026, 1:26 PM IST
Published on: