पाली

पत्नी ने गेहूं की बोरी में रखे थे 15 लाख के गहने, किसान ने बेच दिया कट्टा… फिर आगे जो हुआ

Pali News: राजस्थान के पाली जिले के खैरवा गांव में गेहूं के कट्टे से 15 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने मिले। जानिए आगे क्या हुआ।
2 min read
Mar 16, 2026
Feature image

Pali News: राजस्थान के पाली जिले के खैरवा गांव में एक अनोखी घटना सामने आई। गांव के किसान घीसाराम घांची के घर में चोरी के डर से उनकी पत्नी ने सोने-चांदी के गहनों को एक टिफिन में भरकर गेहूं के कट्टे के बीच रख दिया था। घीसाराम को इस बात की जानकारी नहीं थी कि अनाज के बीच परिवार के कीमती जेवर भी रखे हुए हैं।

अनाज बेचते समय गहनों का टिफिन भी चला गया

करीब 15 दिन पहले जब किसान ने घर का अनाज बेचने का फैसला किया, तो उसने 50-50 किलो के दो कट्टे स्थानीय किराना व्यापारी मांगू खान को दे दिए। किसान को लगा कि उसने केवल गेहूं बेचा है, लेकिन अनजाने में जेवरों से भरा टिफिन भी उसी कट्टे के साथ व्यापारी के पास पहुंच गया।

गेहूं खाली करते समय सामने आया सच

15 मार्च की सुबह जब मांगू खान ने घर में आटा पिसवाने के लिए गेहूं का कट्टा खोला, तो अनाज के साथ एक भारी टिफिन नीचे गिरा। जब टिफिन खोला गया तो उसमें सोने के हार, चूड़ियां और चांदी के गहने भरे हुए थे। इन गहनों की कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई जा रही है।

व्यापारी ने ईमानदारी दिखाकर किसान को लौटाए गहने

टिफिन मिलने के बाद मांगू खान ने तुरंत किसान घीसाराम को फोन किया और कहा कि गेहूं में कुछ समस्या है, इसलिए दुकान पर आ जाएं। जब किसान वहां पहुंचा तो ग्रामीणों की मौजूदगी में व्यापारी ने जेवरों से भरा टिफिन उसके हाथ में सौंप दिया। अचानक गहने वापस मिलने पर किसान भावुक हो गया और बताया कि ये गहने उसकी बेटियों के लिए रखे गए थे।

गांव में ईमानदारी की हो रही चर्चा

इस घटना के बाद गांव में मांगू खान की ईमानदारी की काफी सराहना हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना दिखाती है कि इंसानियत और ईमानदारी आज भी समाज में जिंदा है।

Published on:
16 Mar 2026 03:50 pm