
पाली। सादड़ी थाना क्षेत्र के मुंडारा गांव में शिवतलाव सड़क मार्ग स्थित मोटावाला बेरा पर देर रात पति-पत्नी के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। किराए के मकान में रहकर मजदूरी करने वाले दंपती के बीच हुए झगड़े में पत्नी ने पत्थर से वार कर पति की हत्या कर दी। घटना के बाद पत्नी एक बच्ची को साथ लेकर वहां से चली गई, जबकि चार मासूम बच्चे रातभर पिता के शव के पास बैठे रहे। शनिवार सुबह घटनाक्रम सामने आने पर इलाके में सनसनी फैल गई।
सादड़ी थानाधिकारी हनवंत सिंह सोढ़ा को सायरा थाना क्षेत्र के उम्बीपाटी बोखाड़ा निवासी वालाराम पुत्र निम्बाराम गमेती ने लिखित रिपोर्ट देकर बताया कि चाडवास, उम्बीपाटी निवासी डालूराम पुत्र दलाराम गमेती अपनी पत्नी सोवनी और पांच बच्चों के साथ उदाराम के मोटावाला बेरा पर किराए के मकान में रहता था। वह मुंडारा गांव में मजदूरी करता था। शुक्रवार रात पति-पत्नी ने साथ में शराब पी। इसके बाद किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। रिपोर्ट के अनुसार, विवाद बढ़ने पर पहले डालूराम ने पत्नी पर ईंट से वार किया और उसे कमरे में बंद कर दिया। सोवनी खिड़की के रास्ते बाहर निकली और पत्थर से डालूराम पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से डालूराम की मौत हो गई।
घटना के बाद सोवनी अपनी बेटी मीरा को साथ लेकर रात में पैदल मुंडारा बस स्टैंड पहुंची। वहां उसने लोगों से मदद मांगी और पुलिस कंट्रोल रूम के 100 नंबर पर फोन कर पति द्वारा मारपीट करने की सूचना दी। सूचना पर सादड़ी थाने से एएसआई श्याम सिंह मौके पर पहुंचे। इस बीच महिला बेटी को लेकर सादड़ी पहुंच गई। बाद में पुलिस उसे साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंची, जहां डालूराम का शव पड़ा मिला। पुलिस ने सोवनी को संरक्षण में लिया और शव को कब्जे में लेकर मुंडारा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। रविवार को परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
घटनास्थल का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी भावुक हो गए। चार मासूम बच्चे अपने पिता के शव के पास बैठे मिले। मृतक के कुल छह बच्चे हैं। इनमें से पांच बच्चे माता-पिता के साथ रहते थे, जबकि एक बच्चा अपने दादा के पास रहता है। घटना के बाद छह मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
घटना की सूचना पर सादड़ी थानाधिकारी हनवंत सिंह सोढ़ा मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को घटनाक्रम से अवगत कराया। इसके बाद बाली के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोर सिंह और पाली पुलिस उपाधीक्षक रतनाराम देवासी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए एमओबी टीम को बुलाया गया। मौके पर सरपंच प्रतिनिधि मोहनलाल परिहार, पूर्व वार्ड पंच गिरधारीलाल मेवाड़ा, बंकू भाई चौधरी और पप्पू भाई चौधरी भी पहुंचे। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।
सादड़ी पुलिस ने घटनास्थल से ही मृतक डालूराम के परिजनों को फोन कर घटना की सूचना दी। मजदूरी करने वाले मृतक के पिता ने मौके पर पहुंचने की बात कही, लेकिन शाम चार बजे तक परिजन नहीं पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने मौजिज लोगों की मौजूदगी में हत्या का मामला दर्ज कर शव को मुंडारा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं, परिजनों की तलाश में पुलिस दल उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के उम्बीपाटी गांव पहुंचा। क्षेत्र में दूर-दूर स्थित ढाणियों में आदिवासी परिवार रहते हैं। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मृतक के परिजनों की तलाश में जुटी थी।