पन्ना

Panna Crime: प्रेमिका ने पहाड़ी पर बुलाया, रात 12.30 बजे दोस्तों को वापस भेजा, पर खुद नहीं लौटा संदीप

Missing Youth Sandeep Gaur: चार दिन बाद जंगल में पत्थरों के नीचे दबा मिला संदीप का शव, दोस्त बोले- रात 10 बजे महिला मित्र ने फोन कर पहाड़ी पर मिलने बुलाया था।
2 min read
Sep 12, 2026
sandeep gaur
21 year old sandeep gaur missing found dead jungle, मृतक संदीप गौर की जीवित अवस्था की तस्वीर (Source-Patrika)

Panna Missing Youth Sandeep Gaur: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक युवक का जंगल में चट्टानों के बीच पत्थरों से दबा शव मिला है। युवक की पहचान 21 वर्षीय संदीप गौड़ के तौर पर हुई है जो कि मनकी गांव का रहने वाला था। संदीप के परिजनों ने 10 सितंबर को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई थी। वहीं संदीप के दोस्तों का कहना है कि 8 सितंबर की रात संदीप को उसकी प्रेमिका ने फोन कर पहाड़ी पर मिलने बुलाया था और इसी के बाद से संदीप लापता हो गया था।

'प्रेमिका ने पहाड़ी पर मिलने बुलाया था'

पन्ना के कोतवाली थाना क्षेत्र के मनकी गांव के रहने वाले 21 वर्षीय युवक संदीप गौड़ का शव शनिवार को बृजपुर थाना क्षेत्र के पहाड़ीखेड़ा चौकी अंतर्गत जंगल में पत्थरों के नीचे दबा मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक के दोस्तों पुष्पेंद्र और बीरू ने बताया है कि 8 सितंबर की रात करीब 10 बजे संदीप को उसकी प्रेमिका ने फोन कर पहाड़ी खेरा में मिलने के लिए बुलाया था। रात करीब 12.30 बजे हम दोनों संदीप के साथ लोहराई के जंगल के पास पहुंचे। यहां संदीप बाइक से उतर गया और कहा कि तुम दोनों वापस चले जाओ, मैं फोन करूंगा तो मुझे लेने आ जाना।

नहीं लौटा वापस, परिजन ने दर्ज कराई गुमशुदगी

दोस्तों के मुताबिक उसके बाद संदीप का फोन नहीं आया और कॉल करने पर उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। संदीप के घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसे ढूंढने की कोशिश की लेकिन कहीं पर भी पता न चलने पर 10 सितंबर को कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस संदीप की तलाश कर रही थी इसी बीच शनिवार 12 सितंबर को पहाड़ी पर उसका शव मिला। शव 3-4 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने एफएसएल टीम से भी घटनास्थल की जांच कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल हर पहलू से जांच की जा रही है।

Updated on:
12 Sept 2026 05:46 pm
Published on:
12 Sept 2026 05:46 pm