
Panna News :मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजयगढ़ के सीबीएमओ शोभाराम शर्मा की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। तस्वीरें सामने आने के बाद राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल तस्वीरों में शोभाराम शर्मा कुर्सी पर तिरंगा झंडा डालकर बैठे नजर आ रहे हैं। तस्वीरें सामने आने के बाद एकाएक जिलेभर के लोगों में नाराजगी नजर आने लगी है। लोगों का कहना है कि, मामले की जांच कर दोष सिद्ध होने पर अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
बताया जा रहा है कि, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में तिरंगे के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इसी दौरान सामने आई इस तस्वीर ने राष्ट्रीय ध्वज के उचित सम्मान और उपयोग को लेकर चर्चा छेड़ दी है। हालांकि, वायरल वीडियो की वास्तविकता और पूरे घटनाक्रम की स्थिति आधिकारिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
सोशल मीडिया पर इस मामले से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था, जो अब जिलेभर में नाराजगी का सबब बनता दिखाई दे रहा है। लोगों का कहना है कि, राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ऐसे में उसके साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुचित व्यवहार को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर वीडियो की सत्यता की जांच कराने और दोष पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं, मामले को लेकर सीबीएमओ डॉ. शोभाराम शर्मा का पक्ष जानने के लिए पत्रिका द्वारा उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। वहीं, सीएमएचओ डॉ. राजेश तिवारी ने कहा, मुझे इसकी जानकारी नहीं है। मामले की जांच करवाई जाएगी।