
Bike Harvester Accident: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र के ग्राम हथकुरी में बुधवार दोपहर करीब 3:45 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक बाइक से मोहंद्रा की ओर जा रहे थे, तभी हथकुरी बस स्टैंड के आगे सामने से आ रहे तेज रफ्तार हार्वेस्टर से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। घटना में बाइक सवार दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और हादसे के बाद हार्वेस्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
ग्राम रेहुटा निवासी सचिन अहिरवार पिता पोटू अहिरवार उम्र 20 वर्ष और दीपचंद अहिरवार पिता रत्ना अहिरवार उम्र 19 वर्ष बाइक से किसी काम के सिलसिले में मोहंद्रा जा रहे थे। दोनों चचेरे भाई बताए जा रहे हैं। हथकुरी बस स्टैंड के आगे पहुंचते ही उनकी बाइक सामने से आ रहे अज्ञात हार्वेस्टर से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष मोहनी आनंद मिश्रा किसी कार्यक्रम से लौट रही थीं। घटना देखने के बाद उन्होंने तत्काल 108 एंबुलेंस और बीएमओ सुरेश कुमार को सूचना दी। जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पवई अस्पताल के शव विच्छेदन गृह में रखवाया। घटना की सूचना परिजनों को दी गई तो परिवार में मातम पसर गया। एक साथ दो चचेरे भाइयों की मौत से रेहुटा गांव में भी शोक की लहर है।
दुर्घटना के बाद हार्वेस्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस फरार हार्वेस्टर और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम गुरुवार को कराया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर हादसे के कारणों और फरार चालक के संबंध में जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है।