पन्ना

भाजपा नेत्री का पति रायसेन से गिरफ्तार, 20 साल से गुंडा लिस्ट में है शामिल

Amit Jain Arrest: जानलेवा हमले के आरोपी भाजपा नेत्री के पति का पुलिस ने निकाला जुलूस, भाजपा नेत्री ने अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं पर लगाए गंभीर आरोप।
2 min read
• •
Oct 04, 2026
panna amita bagri husband arrest
panna amita bagri husband arrest, भाजपा नेत्री अमिता बागरी एवं दूसरी तस्वीर में पुलिस की गिरफ्त में पति अमित जैन (Source-Amit Bagri Facebook Page + Patrika)

Panna Amit Jain Arrest: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की देवेन्द्रनगर थाना पुलिस ने दुकान में घुसकर व्यापारी पर जानेलवा हमला करने के मामले में फरार चल रहे अमित जैन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अमित जैन भाजपा नेत्री अमिता बागरी का पति है और पुलिस ने उसे रायसेन जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पत्नी अमिता बागरी भाजपा नेत्री हैं और पूर्व में गुनौर विस सीट से सपा की प्रत्याशी भी रह चुकी हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी अमित जैन के खिलाफ पूर्व में 376, बलवा, अपहरण, मारपीट और जुआ सहित 14 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह करीब 20 वर्षों से गुंडा लिस्ट में शामिल बताया गया है।

6 सितंबर को व्यापारी पर किया था हमला

पुलिस के अनुसार 6 सितंबर 2026 को आरोपी ने देवेंद्रनगर में व्यापारी की कपड़ा दुकान में घुसकर लोहे की रॉड से मारपीट की थी। मामले में थाना देवेन्द्रनगर में अपराध क्रमांक 419/2026 के तहत धारा 333, 296(2), 115(2) और 351(3) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। आरोपी हिमाचल प्रदेश, गोवा, इंदौर, भोपाल और सतना में लगातार ठिकाने बदलकर छिपता रहा।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी अमित जैन (Source-Patrika)

पुलिस ने घेराबंदी कर रायसेन जिले से पकड़ा

थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने बताया कि 3 अक्टूबर को आरोपी के सतना में छिपे होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम के पहुंचने पर वह वहां से भाग निकला और कटनी-जबलपुर होते हुए रायसेन की ओर चला गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रायसेन जिले में पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की पत्नी अमिता बागरी ने सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो जारी कर राजनीतिक दबाव और धारा 307 बढ़ाने के आरोप लगाए थे। थाना प्रभारी ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि आरोपी को उसी धाराओं में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जिनमें प्रकरण दर्ज है। थाना प्रभारी ने कहा कि शांति भंग करने वाले और गुंडा-बदमाश प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Updated on:
04 Oct 2026 06:35 pm
Published on:
04 Oct 2026 05:36 pm