पन्ना

पन्ना में कमरे से आई चीख-पुकार,पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से उजड़ा परिवार

Couple Death Case: पति-पत्नी को परिजन गंभीर हालत में परिजन अस्पताल लेकर जा रहे थे तभी रास्ते में पत्नी और इलाज के दौरान पति की मौत।

2 min read
Jun 14, 2026
panna
newly married couple dies after consuming suspected poison, पति-पत्नी की संदिग्ध मौत (source-patrika)

Panna Couple Death Case: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के धरमपुर थाना क्षेत्र के भखुरी गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां नव दंपती ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में भी शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रात में परिवार के साथ बैठकर खाया खाना

भखुरी निवासी 25 वर्षीय सागर यादव और उनकी 23 वर्षीय पत्नी श्याम कली ने रात में परिवार के साथ सामान्य रूप से भोजन किया और फिर अपने कमरे में सोने के लिए चले गए। परिजनों के मुताबिक उस समय तक सब कुछ सामान्य था और किसी तरह के विवाद या तनाव की जानकारी नहीं थी। कुछ देर बाद कमरे के भीतर से अचानक चीखने-चिल्लाने और उल्टियां होने की आवाजें सुनाई दीं। परिवार के लोग घबराकर कमरे की ओर दौड़े तो देखा कि दोनों की हालत बिगड़ चुकी थी।

पति-पत्नी ने खाया जहर, दोनों की मौत

पूछताछ में पता चला कि सागर और श्याम कली ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है। आनन-फानन में परिजन दोनों को अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में श्याम कली ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर हालत में भर्ती सागर यादव ने भी इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।

तीन साल पहले हुई थी शादी

परिजनों के अनुसार सागर यादव मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। तीन वर्ष पूर्व उसकी शादी श्याम कली से हुई थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी। सागर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और चार बहनों का अकेला भाई था। एक साथ दोनों की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना के पीछे की वजह फिलहाल रहस्य बनी हुई है। परिजन भी यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं, जिन्होंने दोनों को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। धरमपुर थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि पति-पत्नी की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई है। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

Published on:
14 Jun 2026 07:32 pm