धनतेरस के लिए सज गए मार्केट, खरीदारी का उत्सव आज
पन्ना। खुशी और उत्साह का पर्व दीपावली के स्वागत को लेकर पूरे शहर को सजाया-संवारा जा रहा है। सोमवार को धनतेरस के साथ ही पांच दिनी दीपावली उत्सव का शुभारंभ हो जाएगा। धनतेरस को खरीदारी का त्योहार माना जाता है। इस दिन खरीदारी के लिए लोग सालभर इंतजार करते हैं।
यही कारण है कि ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए दुुकानों को आकर्षक तरीके से सजाया-संवारा जा रहा है। धनतेरस पर ऑटोमोबाइल, ज्वेलरी, बर्तन और इलेक्ट्रानिक आइटमों सहित रियल स्टेट में अधिक खरीदारी की उम्मीद है। मार्केट के इन्हीं सेक्टरों में सबसे अधिक उत्साह देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि इस साल धनतेरस का पर्व सोमवार को मनाया जा रहा है। शहर में करीब एक दर्जन दो पहिया, तीन पहिया और चार पहिया वाहनों की एजेंसियां हैं। इनमें ऑटोमोबाइल सेक्टर में 50 से 70 लाख तक के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है। इसी तरह ज्वेलरी में 20 से 40 लाख रुपए तक का अनुमान है।
इसके अलावा इलेक्ट्रानिक और इलेक्ट्रानिक्स आइटमों में 50 लाख से 80 लाख के बीच का अनुमान है। कपड़ा, घरेलू सामग्री सहित अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री में भी अच्छी खरीदारी का अनुमान है। दो पहिया वाहन मार्केट में ज्यादा प्रतिस्पर्धा दिखाई दे रही है। एजेंसियों के संचालक लोगों को एक से बढ़कर एक ऑफर भी दे रहे हैं। इलेक्ट्रानिक आइटमों की खरीदारी में भी अच्छे ऑफर दिए जा रहे हैं। धनतेरस पर 3 से 4 करोड़ तक का कारोबार हो सकता है।
पहले से बुकिंग
धनतेरस पर ऑटोमोबाइल सेक्टर में जबर्दस्त चहल पहल है। वाहन एजेंसियों सहित अन्य एसेंजियों व दुकानों में जिन लोगों को खरीदारी करने थी वे एक दिन पूर्व एजेंसियों में वाहनों की बुकिंग करने सहित अन्य औपचारिकताओं को पूरी कर लिए हैं। रविवार को भी एजेंसियों में अच्छी खासी भीड़ रही।
सजावटी सामग्री की दुकानों में भरमार
दीपावली में लोग अपने-घरों और प्रतिष्ठानों को आकर्षक तरीके से सजाते-संवारते हैं। त्योहार में घरों के आंगन में रंगोली बनाने की विशेष परंपरा है। सजावटी सामग्री से संबंधित शहर में करीब आधा सैकड़ा अस्थायी दुकानें लगाई हैं। इनमें सबसे अधिक दुकानें किशोरजी मंदिर के आसपास सजी हैं।
पूजा में उपयोग आने वाले दिए भगवान श्रीगणेश और लक्ष्मी की पीपीओ से बनी प्रतिमाओं की दुकानें भी सजकर तैयार हैं। इसी तरह दिए की दुकानें भी शहर के हर गली-चौराहे में लगी हैं। बलदेवजी चौक में भी इसी तरह से दुकानें सजाई गई हैं।
आधी सड़क पर किया कब्जा
धनतेरस की खरीदारी के लिए गोविंदजी चौक, अजयगढ़ चौक, बड़ा बाजार और छोटा बाजार के दुकानदार टेंट आधी रोड तक लगा लिए हैं। कुछ स्थानों पर तो आधी सड़कें ही शोरूम में तब्दील हो गई हैं। इससे शाम को हालात यह रहती है कि बाइक तो दूर लोग पैदल भी इस मार्ग से नहीं निकल पाते हैं।
हर साल यही हालत रहती है। इसके बाद भी यातायात पुलिस और नगर पालिका कोई भी कार्रवाई करने के लिए तैयार नहीं है। इसका खमियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है।