
Panna Baby Found Safe Tied To Fathers Body: कहते हैं कि माता-पिता हर खतरे से अपने बच्चों की रक्षा करते हैं, वक्त आने पर बच्चों के लिए अपनी जान भी दे देते हैं। ऐसा ही एक मामला मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में सामने आय़ा है। यहां शाहनगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी जिंदगी देकर बेटे को सुरक्षित बचा लिया। घटना पन्ना-कटनी रोड की है जहां सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव मिला है। युवक के पेट पर एक मासूम बच्चा बंधा हुआ था जो पूरी तरह से सुरक्षित है। कुछ दूरी पर युवत की टूटी हुई बाइक भी पड़ी मिली है।
मृतक की पहचान सरफराज के तौर पर हुई है जो कि कुपना घाट का रहने वाला था और बीते तीन दिनों से बेटे को लेकर लापता था। परिजन ने उसकी गुमशुदगी पुलिस में दर्ज कराई थी। जब सड़क किनारे सरफराज का शव मिला तो बच्चा उसके पेट पर कपड़े से बंधा हुआ था। बच्चा पूरी तरह से सुरक्षित है और उसे खरोंच तक नहीं आई है। घटनास्थल पर पुलिस को बाइक के अनियंत्रित होने के निशान मिले हैं जिससे आशंका जताई जा रही है कि बाइक अनियंत्रित होने के कारण हादसा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्ट के बाद परिजनों को सौंपकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक सरफराज के तीन बच्चे हैं, 22 अक्टूबर को सरफराज और पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। झगड़े के बाद पत्नी बेटी का इलाज कराने के लिए कटनी चली गई थी और सरफराज डेढ़ साल के बेटे को बाइक पर लेकर रिश्तेदार के घर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वो किसी रिश्तेदार के घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसे खोजने की कोशिश की लेकिन कहीं पता नहीं चला। इसके बाद 23 अक्टूबर को पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस सरफराज की तलाश कर ही रही थी, इसी बीच उसका शव सड़क किनारे मिला।