
Panna Diamond Mine: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की रत्नगर्भा धरती ने एक महिला की किस्मत बदल दी है। झांसी की रहने वाली महिला को सरकोहा की उथली हीरा खदान में एक दो नहीं बल्कि चार हीरे मिले हैं। चार चमचमाते हीरे मिलने से महिला व इसका परिवार बेहद खुद है। महिला ने चारों हीरों को हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है। अब इन हीरों को आगामी नीलामी में रखा जाएगा, नीलामी में हीरों की जो भी कीमत मिलेगी उसमें से रॉयल्टी व अन्य देयकों की कटौती के बाद शेष राशि महिला को दे दी जाएगी।
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के धायपुरा गांव की रहने वाली गुड्डी देवी ने अपने पति राजकुमार श्रीवास के साथ पन्ना के सरकोहा इलाके में स्थित उथली खदान में पट्टा लिया था। पति-पत्नी करीब 6 महीने से खदान में हीरे ढूंढ रहे थे लेकिन कामयाबी नहीं मिली थी। दो दिन पहले गुड्डी देवी की किस्मत बदली और दो दिन में चार चमचमाते हीरे उन्हें मिले हैं। गुड्डी देवी ने बताया कि वो मूल रूप से पन्ना की ही रहने वाली हैं और झांसी में उनकी शादी हुई थी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक जो चार हीरे गुड्डी देवी को मिले हैं उनका कुल वजन 5.16 कैरेट है। एक हीरा 1.44 कैरेट का कम चमक वाला, दूसरा 1.62 कैरेट का उज्ज्वल, तीसरा 1.29 कैरेट का उज्वल और चौथा 0.81 कैरेट का कम चमक वाला हीरा है। इन चारों हीरों की कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
दो दिन के अंदर चार चमचमाते हीरे मिलने से गुड्डी देवी के परिवार में खुशी का माहौल है। पति राजकुमार के साथ हीरा कार्यालय में हीरे जमा कराने पहुंची गुड्डी देवी ने बताया कि हीरों की नीलामी से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल वो अपने बच्चों की पढ़ाई के साथ ही अपने काम-धंधे को आगे बढ़ाने में करेंगी।