
Panna Liquor Smuggling: मध्यप्रदेश के पन्ना में अवैध शराब और हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुनौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बलेनो कार से 72 लीटर अवैध देशी शराब के साथ 315 बोर का देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने कार में सवार तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 40 हजार रुपए कीमत की शराब, हथियार और परिवहन में प्रयुक्त करीब सात लाख रुपए कीमत की बलेनो कार सहित कुल सामग्री जब्त की गई है।
27 सितंबर की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में तीन व्यक्ति अवैध शराब लेकर गुनौर की ओर जा रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया था कि वाहन चालक के पास अवैध कट्टा है। सूचना की तस्दीक और कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी गुनौर उप निरीक्षक बलबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बराछ रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार बलेनो कार क्रमांक एमपी 35 जेड ए- 4759 आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया।
तलाशी लेने पर कार की डिग्गी में आठ पेटी देशी प्लेन शराब मिली। प्रत्येक पेटी में 50-50 क्वार्टर थे। इस तरह कुल 400 क्वार्टर में करीब 72 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 40 हजार रुपए बताई गई है। वाहन चालक प्रिंस वर्मा की तलाशी लेने पर उसकी कमर के पीछे 315 बोर का देशी कट्टा मिला। कट्टे में एक जिंदा कारतूस लगा हुआ था। पुलिस ने प्रिंस वर्मा निवासी लखनपुर, आशीष पटेल निवासी झुमटा और अंकित सिंह यादव निवासी पडेरी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 307/2026 में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम तथा धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जब्त सामग्री में शराब के अलावा करीब 4500 रुपए कीमत का कट्टा, 300 रुपए कीमत का जिंदा कारतूस और सात लाख रुपए कीमत की बलेनो कार शामिल है।