
Noida woman found Diamond- मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के नोएडा से आई एक महिला अचानक मालामाल हो गई। जिले के जरुआपुर गांव की एक निजी उथली हीरा खदान से 6.54 कैरेट का उज्ज्वल किस्म का बेशकीमती हीरा (Brilliant Quality Diamond) प्राप्त हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत 20 से 25 लाख रुपये बताई जा रही है। इस कीमती हीरे ने नोएडा निवासी मीणा सिंह की किस्मत एक बार फिर चमका दी है। हीरे के साथ महिला जिला हीरा अधिकारी के दफ्तर पहुंची। यहां महिला को इस अनोखे किस्म के हीरे की कीमत बताई गई जिससे वह भौचक्की रह गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हीरा पन्ना नगर के समीप स्थित जरुआपुर गांव की उस खदान से मिला है, जिसका संचालन मीना सिंह के नाम पर पट्टा लेकर किया गया था। हीरे की देखरेख एवं संचालन का कार्य उनके परिचित गौतम मिस्त्री द्वारा किया जा रहा है। बताया गया कि खदान में मजदूरों द्वारा नियमित रूप से किए जा रहे उत्खनन के दौरान यह बेशकीमती हीरा प्राप्त हुआ। मुनीम गौतम मिस्त्री ने बताया कि यह हीरा पूरी तरह उज्ज्वल किस्म का है और इसे सावधानीपूर्वक निकालकर हीरा कार्यालय में जमा कराया गया है।
उन्होंने बताया कि राणा सिंह वर्ष 2021 में कोरोना काल के बाद पन्ना आए थे और यहां की हीरा खदानों की संभावनाओं से प्रभावित होकर उन्होंने विभिन्न स्थानों पर खदानें लगाना शुरू किया था। तब से अब तक उन्हें लगभग 15 छोटे-बड़े हीरे प्राप्त हो चुके हैं, जिससे यह क्षेत्र उनके लिए लगातार लाभकारी साबित हो रहा है। हीरा कार्यालय में पदस्थ निरीक्षक नूतन जैन ने भी इस हीरे की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि 6.54 कैरेट का यह हीरा कार्यालय में जमा कर लिया गया है और इसकी गुणवत्ता की जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा। नीलामी के माध्यम से इस हीरे को अधिकतम कीमत पर बेचने की तैयारी की जाएगी, जिससे सरकार को भी राजस्व प्राप्त होगा।
पन्ना की धरती समय-समय पर ऐसे बेशकीमती रत्न उगलती रहती है, जिससे यहां की पहचान देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक बनी हुई है। यह नई खोज एक बार फिर साबित करती है कि पन्ना की रत्नगर्भा भूमि आज भी संभावनाओं से भरपूर है और यहां किस्मत कभी भी चमक सकती है।