
Panna News : एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे व्यक्ति के खाते से रकम कट जाए, लेकिन मशीन से नगदी बाहर न निकले तो इसे तकनीकी खराबी समझकर लौटना अब भारी पड़ सकता है। इसी तरीके का इस्तेमाल कर लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का मध्य प्रदेश की पन्ना पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
गिरोह के सदस्य एटीएम के कैश निकासी स्लॉट में कृत्रिम प्लेट लगाकर रुपए फंसा देते थे और ग्राहक के चले जाने के बाद उन रुपयों को निकालकर फरार हो जाते थे। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामला अजयगढ़ के बुद्धू चौराहा स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम का है। यहां 23 नवंबर की रात करीब 1:30 बजे फरियादी महेश कुमार यादव अपने मित्र को देने के लिए 8 हजार रुपए निकालने पहुंचा था। उसने यूपीआई क्यूआर कोड के जरिए कैश निकासी की प्रक्रिया पूरी की। मोबाइल पर ट्रांजेक्शन सफल होने का संदेश आया और मशीन से रुपये गिनने की आवाज भी सुनाई दी, लेकिन कैश स्लॉट से रकम बाहर ही नहीं निकली। बाद में खाते की जांच करने पर 8 हजार रुपए भी कट गए।
एटीएम के निरीक्षण में कैश निकासी स्लॉट पर कृत्रिम प्लेट लगी मिली। इसपर फरियादी ने अजयगढ़ थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को मद्देनजर रखते हुए बीएनएस की धारा 303(2), 318(4), 319(2) और 334(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान छटवांमील तिराहे के पास संदिग्धों की मौजूदगी की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया। तलाशी और पूछताछ में चोरी की रकम समेत वारदात में इस्तेमाल सामग्री बरामद की है।
आरोपी प्लास से एटीएम के कैश डिस्पेंसिंग स्लॉट को क्षतिग्रस्त कर उसमें विशेष कृत्रिम प्लेट लगा देते थे। इसे टेप और फेविक्विक से इस तरह चिपकाया जाता था कि, सफल ट्रांजेक्शन के बावजूद रुपए प्लेट में ही फंस जाते। ग्राहक नगदी नहीं मिलने पर एटीएम से चला जाता और उसके जाने के बाद आरोपी वापस पहुंचकर फंसी हुई रकम निकाल लेते थे। हालांकि, ये जानकारी ग्राहकों की जागरूकता के लिए दी गई है। ताकि वो भविष्य में जब भी एटीएम का इस्तेमाल करें तो इस तरह की धोखाधड़ी में न फंसें।
गिरफ्तार आरोपियों में 28 वर्षीय धीरेन्द्र कुमार लोधी, 21 वर्षीय योगेन्द्र सिंह लोधी, 48 वर्षीय लाखन सिंह लोधी और 21 वर्षीय अमर कुमार लोधी शामिल हैं। चारों उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना इलाके के अंतर्गत आने वालेग्राम इन्द्रो के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 8 हजार रुपए, वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन, एक प्लास, क्लास टेप का बंडल और कृत्रिम प्लेट बनाने व लगाने में इस्तेमाल पांच कृत्रिम प्लेट जब्त की हैं।
फिलहाल, पुलिस द्वारा चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल पन्ना भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य स्थानों पर एटीएम से जुड़ी चोरी की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई में अजयगढ़ थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।