
Panna News : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सोमवार को मध्य प्रदेश के पन्ना जिला जेल पहुंचे। यहां उन्होंने केन-बेतवा लिंक परियोजनाओं के विस्थापितों के हक में संघर्ष कर रही दिव्या अहिरवार से मुलाकात की। जेल से बाहर निकलकर जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार के साथ साथ स्थानीय प्रशासन पर जमकर हमला बोला। पटवारी ने मीडिया से बातचीत दौरान कहा कि, 'आदिवासियों के साथ अन्याय और दमन की सारी हदें पार हो चुकी हैं!'
मीडिया बातचीत के दौरान पटवारी ने आरोप लगाया कि, पन्ना और छतरपुर में आदिवासियों से जमीन छीनने का जो सिलसिला 2015-16 से चला आ रहा है, उसमें विस्थापितों को अबकर मुआवजा नहीं मिल सका है। उन्होंने कहा कि, पिछले 26 दिनों से जेल में बंद 24 साल की इस बेटी ने अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाई तो उस पर फर्जी और झूठे मुकदमें लादकर उसे जेल में डाल दिया। ये अंग्रेजों के शासनकाल से भी बदतर और दमनकारी व्यवस्था को दर्शाता है।
जेले से बाहर निकलने के दृष्य का वीडियो शेयर करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि, 'आदिवासियों के साथ अन्याय और दमन की सारी हदें पार हो चुकी हैं! केन-बेतवा परियोजना के खिलाफ आंदोलन करने के कारण बहन दिव्या अहिरवार करीब 26 दिनों से जेल में बंद हैं। अपने हक़ और जल-जंगल-जमीन की लड़ाई लड़ रहे आदिवासियों की आवाज़ दबाने के लिए पुलिस पूरी ताकत लगा रही है। छोटे-छोटे बच्चों तक को जेल में डाला जा रहा है।'
एक अन्य पोस्ट में जीतू पटवारी ने कहा कि, 'आज पन्ना पहुंचकर बहन दिव्या अहिरवार से मुलाकात की और उनके संघर्ष के प्रति एकजुटता व्यक्त की।' उन्होंने आगे कहा कि, 'सरकार याद रखे, आदिवासियों की आवाज़ को जेल की सलाखों में कैद नहीं किया जा सकता! पूरी कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़ी है। केन-बेतवा आंदोलन के चलते 26 दिनों से जेल में बंद बहन दिव्या अहिरवार से आज मुलाकात की है। पन्ना-छतरपुर के आदिवासियों पर यह अत्याचार और उनकी जमीन छीनने की साजिश याद रखी जाएगी। आदिवासियों के हक़ की लड़ाई में कांग्रेस अंत तक उनके साथ खड़ी है!'