
Panna Digital Arrest Cyber Fraud: मध्यप्रदेश की पन्ना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर साइबर ठगी करने वाले आरोपी को कानपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर एक महिला को उसके पति के खिलाफ कार्रवाई का डर दिखाया और 54,500 रुपये ठग लिए थे। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से ठगी गई पूरी रकम भी बरामद कर ली है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के टिकुरिया बस्ती का है। फरियादिया शिवानी अहिरवार ने 31 अक्टूबर 2025 को कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को क्राइम ब्रांच भोपाल का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके पति अशोक कुमार जाटव आपत्तिजनक वेबसाइट देखते हैं और इस संबंध में विभिन्न थानों में एफआईआर दर्ज हो रही हैं। आरोपी ने पति के खिलाफ कार्रवाई नहीं कराने का झांसा देकर एक लाख रुपए की मांग की और पैसे नहीं देने पर कार्रवाई की धमकी दी। आरोपी की धमकी और बातों से भयभीत होकर महिला ने फोन-पे नंबर पर दो बार में 36,500 रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर क्यूआर कोड भेजा, जिसके माध्यम से महिला ने 18 हजार रुपए और भेज दिए। इस तरह महिला से कुल 54,500 रुपए की साइबर ठगी की गई।
शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 914/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ ने आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से जांच की तो संबंधित बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण करने पर आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में की गई। पुलिस टीम कानपुर पहुंची और आरोपी अभिषेक कठेरिया पिता ज्ञान प्रकाश, उम्र 18 वर्ष, निवासी त्रिलोकपुर, थाना चौबेपुर, जिला कानपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से ठगी की पूरी रकम 54,500 रुपए बरामद किए हैं।