
तेंदुआ का रेस्क्यू करती टीम (Photo Source - Patrika)
Panna news:एमपी में पन्ना के रैकरा गांव में घर के चारा भंडारण कक्ष में अचानक तेंदुए की मौजूदगी से हड़कंप मच गया। दिन ढलने के बाद शुरू हुआ रेस्क्यू अभियान आधी रात तक चलता रहा। घर के भीतर छिपी करीब चार साल की मादा तेंदुआ न तो खुद बाहर निकली और न ही पिंजरे में पकड़ में आई। आखिरकार दक्षिण पन्ना वनमंडल और पन्ना टाइगर रिजर्व की संयुक्त टीम ने मध्यरात्रि के बाद उसे ट्रैंक्विलाइज कर सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। रात करीब एक बजे तेंदुए को गांव से बाहर निकालने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना सिमरिया तहसील के ग्राम रैकरा गांव की है। दक्षिण पन्ना वनमंडल के मोहंद्रा वन परिक्षेत्र अंतर्गत एक कच्चे मकान के चारा भंडारण कक्ष में मादा तेंदुए के घुसने की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घर के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए थे। ऐसे में सबसे पहली प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखना और तेंदुए को बिना नुकसान पहुंचाए बाहर निकालना था।
वन विभाग की टीम ने शुरुआत में तेंदुए को खुद बाहर निकलने का अवसर दिया। इसके लिए मकान का निकास मार्ग खुला रखा गया और आसपास शोरगुल तथा भीड़ को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए। रात करीब 9 से 10 बजे तक इंतजार के बावजूद तेंदुआ बाहर नहीं आया। इसके बाद रात 10 से 12 बजे के बीच पिंजरे की मदद से उसे पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली।
लगातार प्रयासों के बाद भी तेंदुए के बाहर नहीं आने पर मध्यरात्रि के बाद उसे ट्रैंक्विलाइज करने का निर्णय लिया गया। पन्ना टाइगर रिजर्व के वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्सक एवं वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव गुप्ता के निर्देशन में टीम ने आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद मादा तेंदुए को सुरक्षित पकड़कर गांव से बाहर निकाला गया। पूरी कार्रवाई के दौरान वन्यजीव को किसी तरह की क्षति न पहुंचे और ग्रामीणों की सुरक्षा बनी रहे, इसका विशेष ध्यान रखा गया।
मोहंद्रा वन परिक्षेत्र अधिकारी राहुल मिश्रा के नेतृत्व में उपवन क्षेत्रपाल देवी सिंह यादव, वनपाल जयप्रकाश नारायण दुबे, गोविंद प्रजापति, हर प्रसाद अहिरवार, हरिशंकर अहिरवार, जगदीश अहिरवार, राजेंद्र पटेल एवं भानु प्रताप सिंह सहित वनरक्षक संदीप राय, रश्मि चौरसिया, संगीता अहिरवार, ओम प्रकाश सिंह, अमित कोरी और रामदयाल सूत्रकार ने अभियान में भूमिका निभाई। सुरक्षा श्रमिक हलके यादव और हुकम सिंह भी मौजूद रहे। पन्ना टाइगर रिजर्व की क्षेत्रीय रेस्क्यू टीम से उदय मणि सिंह परिहार, अरविंद रैकवार, तफशील खान, अर्जुन पाल और पुरुषोत्तम यादव ने रेस्क्यू में सहयोग किया। वनमंडलाधिकारी दक्षिण पन्ना और उपवनमंडलाधिकारी रचना शर्मा पूरे अभियान के दौरान मौके पर मौजूद रहकर निगरानी एवं समन्वय करती रहीं।
रात के समय सीमित रोशनी और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। सिमरिया थाना पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया, जिससे वन विभाग की टीम सुरक्षित वातावरण में कार्रवाई पूरी कर सकी। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि आबादी क्षेत्र में वन्यजीव दिखाई देने पर उनके करीब जाने या भीड़ लगाने से बचें। सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके और मानव तथा वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
16 Nov 2026, 3:34 PM IST
Published on:
16 Nov 2026, 3:31 PM IST
बड़ी खबरें
View Allपन्ना
मध्य प्रदेश न्यूज़




